![]()
बांदीकुई के पास पंडितपुरा गांव के नजदीक शनिवार शाम एक जुगाड़ वाहन पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस हादसे में करीब 13 लोग घायल हुए। सभी घायलों को उपजिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। गंभीर हालत में 4 लोगों को जयपुर रेफर किया गया।
कोटवालों के बास गांव से एक सवामणी बिगोता माता के यहां गई थी। सवामणि में शामिल होने के लिए लोग जुगाड़ वाहन से गए थे। दोपहर में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद करीब 25 लोगों से भरा जुगाड़ वापस कोटवालों के बास जा रहा था।
पंडितपुरा गांव में घुमाव पर जुगाड़ पलट गया। इस हादसे में जुगाड़ में सवार सुरेश मीणा (45) निवासी कोटवालों का बास की मौत हो गई। घायलों में रिंकू मीणा (30), नारायण मीणा (80), कैलाश मीणा (50), मीठालाल मीणा (60), सांवलराम मीणा (75), दिव्यांशु (7), दीपेंद्र (15), कालूराम (50), राजेश (35), मनीष (30), प्रहलाद मीणा (55), नाथूलाल (50), सुरेश (35) और रिंकू (25) शामिल हैं।
जुगाड़ में सवार लोगों ने बताया कि घुमाव पर वाहन तेज गति से निकल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने पर वह पलट गया। मामले की सूचना पर विधायक भागचंद टांकड़ा ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश देकर मौके पर चार एम्बुलेंस भिजवाईं।
विधायक ने डॉक्टरों से सभी घायलों के बारे में जानकारी ली। घटना के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। बांदीकुई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के जलधारी ने बिगोता में माता के यहां सवामणी का कार्यक्रम रखा था। इसमें गांव के अधिकांश लोग पहुंचे थे। डॉक्टरों ने गंभीर हालत में कैलाश, नारायण, मिठन लाल और सांवल लाल को जयपुर रेफर कर दिया है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments