![]()
रेलवे में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर बेरोजगार युवक से लाखों रुपए की ठगी करने का मामला सामने आया है। युवक सीकर में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है और उसने लोन लेकर पैसे आरोपियों को दिए थे। आरोपियों ने युवक के डाक्यूमेंट्स भी हड़प लिए और
पुलिस को दी रिपोर्ट में विजयपाल (25) निवासी झडेवा, लक्ष्मणगढ़ (सीकर) ने बताया कि वह चार-पांच साल से बेरोजगार है और सीकर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। इसी दौरान उसकी जानकारी सीकर में झुंझुनू के गोठड़ा निवासी कैलाश जांगिड़, विनोद कुमार व पवन राज से हुई। कैलाश कुमार और विनोद कुमार ने विजयपाल से कहा कि आरोपी पवन राज व उसके रिश्तेदार रेलवे में बड़े अधिकारी हैं। पवन राज पैसे लेकर रेलवे में बेरोजगार युवकों को नौकरी लगवा देता है। जिसके लिए वह एक व्यक्ति से 12 लाख रुपए लेता है। लेकिन उसे (विजयपाल) को वह 8.50 लाख में नौकरी लगवा देंगे।
युवक विजयपाल आरोपियों के झांसे में आ गया। इसके बाद आरोपियों ने विजयपाल को कैलाश जांगिड़ के घर गोठड़ा (झुंझुनू) में पैसे और डाक्यूमेंट्स लेकर बुलाया। वहां पर आरोपियों ने कैलाश जांगिड़ के अकाउंट में फोनपे ऐप के जरिए 4.50 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। विजयपाल ने एचडीएफसी बैंक से 5.40 लाख का लोन और गांव के विनोद रूलानिया से 4 लाख उधार लेकर कुल 8.50 लाख रुपए आरोपियों को दे दिए। इसके बदले में आरोपियों ने युवक को फर्जी जॉइनिंग लेटर, आईडी कार्ड और रेलवे बोर्ड के नकली रिजल्ट भेजे।
विजयपाल ने आरोपियों को अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और 24 फोटो सौंप दिए। बाद में आरोपियों ने उसका दिल्ली के रेलवे अस्पताल में मेडिकल करवाया। फिर गाजियाबाद और राजपुरा (पंजाब) भेजा। जहां तीन महीने तक विजयपाल रूम किराए पर लेकर रहता रहा और जॉइनिंग का इंतजार करने लगा। आखिरकार उसे पता चला कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। आरोपियों ने इस तरह से कई युवकों को शिकार बनाया है। विजयपाल को पता चला कि आरोपियों ने उसके दोस्त हीरालाल को भी इसी जाल में फंसाया और उससे 8.50 लाख रुपए ऐंठ लिए। आरोपी दावा करते हैं कि वे रेलवे में बड़े अधिकारी हैं।
विजयपाल ने जब आरोपियों से पैसे और डॉक्यूमेंट मांगे तो आरोपियों ने देने से मना कर दिया। आरोपी अब युवक को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। फिलहाल युवक की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की एएसआई गुलाम सरवर कर रहे हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments