बीकानेर में तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने बड़ी मां के सामने 7 साल की बच्ची को रौंद दिया। बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। बड़ी मां ने बच्ची के शव के बिखरे चीथड़े देखे तो बेसुध हो गई। बस में मौजूद लोगों ने उसे संभाला और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने हादसे की जानकारी ली और बच्ची के शव को सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी भिजवाया। हादसे के बाद ड्राइवर बोलेरो कैंपर लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर बोलेरो कैंपर की तलाश में जुटी है। मामला खाजूवाला थाना इलाके का है।

लोगों ने घटनास्थल पर बच्ची के शव को कपड़े से ढक दिया और पुलिस को सूचना दी।
बड़ी मां के साथ बस में लौट रही थी गांव SHO सुरेंद्र प्रजापत ने बताया- खाजूवाला इलाके के 17 KHM गांव निवासी मनीषा (7) अपनी बड़ी मां राजू देवी (40) पत्नी मालाराम भील के साथ प्राइवेट बस में खाजूवाला से अपने गांव जा रही थी। राजू देवी मनीषा का हाथ पकड़कर बस के गेट पर खड़ी थी।
उन्होंने बताया- 18KJD नहर चौराहे पर अचानक बस बेकाबू हो गई और मनीषा का हाथ बड़ी मां राजू देवी से छूट गया और वह बस से नीचे सड़क गिर गई। इस दौरान तेज रफ्तार बोलेरो कैंपर ने उसे रौंद डाला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बोलेरो के रौंदने से मासूम के शव के चीथड़े बिखर गए।
SHO ने बताया- हादसे के बाद बोलेरो कैंपर का ड्राइवर गाड़ी भगा ले गया। पुलिस की टीम आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी भी करवाई, लेकिन बोलेरो कैंपर का कोई सुराग नहीं लगा।

कंटेंट : इस्माइल ख़ान, खाजूवाला
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments