![]()
साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड महिला टीचर को निशाना बनाया। मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बारां जिले में साइबर ठगों ने एक रिटायर्ड महिला टीचर को निशाना बनाया। पीड़िता अयोध्या गौतम के साथ 5.07 लाख रुपए की धोखाधड़ी हुई। मामले में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घटना 19 दिसंबर की है। एक व्यक्ति ने खुद को ट्रेजरी ऑफिसर बताकर पीड़िता को फोन किया। उसने पेंशन रुकने का हवाला देकर पीपीओ नंबर के सत्यापन के लिए व्यक्तिगत और बैंक की जानकारी मांगी। आरोपी ने वॉट्सऐप पर एक लिंक भेजा। पीड़िता के इस लिंक पर जानकारी भरते ही उनके खाते से 5 लाख 7 हजार 500 रुपए कट गए।
साइबर थाना बारां में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। थानाधिकारी अशोक चौधरी के नेतृत्व में टीम ने जांच की। पुलिस ने तुरंत संदिग्ध खातों को होल्ड करवाया। न्यायालय के माध्यम से 2.30 लाख रुपए पीड़िता को वापस दिलवाए गए।
पुलिस ने भीलवाड़ा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। देवेन्द्र सिंह (23) और कमलेश कुमार शर्मा (21) ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने 15-15 हजार रुपए लेकर अपने बैंक खाते और मोबाइल सिम साइबर ठगों को किराए पर दिए थे। पुलिस शेष राशि की बरामदगी के लिए जांच कर रही है।
इस मामले में हेड कॉन्स्टेबल दिग्विजय सिंह और कॉन्स्टेबल करतार की अहम भूमिका रही। पुलिस टीम में सुकेंद्र सिंह, हुकुम सिंह, दिलीप कुमार और लक्ष्मण भी शामिल थे।
Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments