![]()
पिछले कुछ सालों में बने स्कूल भवन अगर जर्जर हो गए हैं तो उनके निर्माण कार्यों की रिपोर्ट मंगवाकर जांच की जाएगी। इसके निर्देश सीएम भजनलाल शर्मा ने दिए। सीएम भजनलाल शर्मा आज मुख्यमंत्री कार्यालय पर स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं संस्कृत शिक्षा विभाग की बजट घोषणाओं की समीक्षा कर रहे थे। इस दौरान सीएम ने कहा- विद्यार्थी हमारे देश का भविष्य हैं, इनकी सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने गुणवत्ता के उच्चतम मापदंडों का पालन करते हुए स्कूलों के निर्माण एवं मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा- पिछले कुछ सालों में निर्मित शैक्षणिक संस्थानों के जीर्ण-क्षीर्ण और जर्जर होने पर उनके निर्माण कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट मंगवाकर जांच करवाई जाए। साथ ही, निर्मित होने वाले भवनों एवं मरम्मत कार्यों के खर्चों की मॉनिटरिंग की जाए। स्टूडेंट्स की संख्या के अनुसार सुविधाओं का विस्तार सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे स्टूडेंट की संख्या के अनुरूप कक्षा निर्माण एवं अन्य सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित करें। साथ ही, विशेष योग्यजन विद्यार्थियों की पर्याप्त संख्या होने पर व्हीलचेयर की सुविधा भी प्रदान की जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों भवन निर्माण एवं मरम्मत कार्यों में सामाजिक सरोकारों को प्रोत्साहन दिया जाए। उन्होंने भामाशाह और समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ समन्वय स्थापित कर इन कार्यों के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए। सीएम को वर्ल्ड रिकॉर्ड का सर्टिफिकेट दिया बैठक में उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने हरियालो राजस्थान के अन्तर्गत दुर्लभ प्रजातियों के रिकॉर्ड पौधे लगाने पर वर्ल्ड बुक रिकॉर्ड ऑफ लंदन का सर्टिफिकेट प्रस्तुत किया। बैठक में मुख्य सचिव सुधांश पंत सहित संबंधित विभागों के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments