![]()
झालावाड़ के चंद्र सरोवर स्थित स्थानीय पर्यटक स्थल रोमन एक्वाडक्ट पर विश्व पर्यटन दिवस मनाया।
पर्यटन विकास समिति ने शनिवार को झालावाड़ के चंद्र सरोवर स्थित स्थानीय पर्यटक स्थल रोमन एक्वाडक्ट पर विश्व पर्यटन दिवस मनाया। इस अवसर पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
समिति संयोजक ओम पाठक ने कहा कि झालावाड़ जिले में विश्व स्तरीय पर्यटन स्थल हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से इन स्थलों की ठोस मैपिंग और रूट चार्ट बनाने की मांग की, ताकि व्यवस्थित तरीके से विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जा सके। पाठक ने यह भी कहा कि इन स्थलों की देखभाल पर्यटन विभाग को करनी चाहिए।
समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और इतिहासकार ललित शर्मा ने रोमन एक्वाडक्ट के निर्माण पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि झालावाड़ के द्वितीय नरेश पृथ्वीसिंह झाला ने छावनी के जल प्रबंधन के लिए इसका विशेष रूप से निर्माण करवाया था, जिसमें ब्रिटिश और रोमन शैली का मिश्रण दिखाई देता है। शर्मा ने गागरोन, कोल्वी गुफा, भवानीनाट्यशाला, सूर्य मंदिर और चंद्रमौलिश्वर जैसे अन्य विश्व स्तरीय पर्यटन स्थलों की बदहाली पर चिंता व्यक्त की।
समिति सदस्य लक्ष्मीकांत पहाड़िया ने बताया कि पूर्व में इस रोमन एक्वाडक्ट पर मरगोल लगे हुए थे, जिनसे पानी निकाला जाता था। उन्होंने कहा कि वर्तमान जीर्णोद्धार के बाद यह स्थल पर्यटन के हिसाब से काफी आकर्षक हो चुका है।
संगोष्ठी में समिति सदस्य मंजीत सिंह कुशवाह, डॉ. नंदसिंह राठौड़, भारत सिंह राठौड़, भगवती प्रसाद मेहरा, सालिगराम दांगी, सूरज करण नागर, श्याम खटाणा और हरिशंकर मीणा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अंत में, समिति के कोषाध्यक्ष कन्हैयालाल कश्यप ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सभी समिति सदस्यों ने जिला प्रशासन से झालावाड़ के पर्यटन स्थल रैन बसेरा का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करवाने की मांग भी की।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments