सड़क पार कर रही 5 साल की मासूम को तेज रफ्तार एक्टिवा सवार ने टक्कर मार दी। इससे मासूम बुरी तरह घायल हो गई। 4 घंटे चले इलाज के बाद बच्ची ने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत की खबर सुनकर पिता रो पड़े। अस्पताल में ही कहते रहे- मेरी राजकुमारी को मार दिया।
मामले में एक्टिवा सवार को भी चोट आई है, वह अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने एक्टिवा जब्त कर ली है।
मामला जालोर के जसवंतपुरा थाना इलाके का तहसील कार्यालय के सामने रविवार सुबह 10 बजे का है।
5 साल की मासूम ने दम तोड़ा
जसवंतपुरा थाने के हेड कॉन्स्टेबल नरपत सिंह ने बताया- हादसे में प्रतिभा कुमारी (5) पुत्री रामरस गुर्जर निवासी बालोली जिला सवाई माधोपुर की मौत हो गई है। पोस्टमॉर्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर एक्टिवा सवार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बेटी की मौत की खबर सुनकर पिता अस्पताल में रोने लगे। बार-बार एक ही बात कहते रहे- मेरी राजकुमारी को मार डाला।
तेज रफ्तार एक्टिवा सवार ने मारी टक्कर
हेड कॉन्स्टेबल नरपत सिंह ने बताया- रामरस गुर्जर जसवंतपुरा ब्लॉक के शिवगढ़ भील बस्ती में सरकारी अध्यापक के तौर पर कार्यरत हैं। परिवार के साथ भीनमाल रोड पर शारदा शोरूम के ऊपर की मंजिल पर रहते हैं। प्रतिभा करीब 10 बजे घर का सामान लेने के लिए निकली थी। वह सड़क क्रॉस कर रही थी, इसी दौरान जसवंतपुरा की और से आ रहे एक्टिवा सवार ने प्रतिभा को टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घायल प्रतिभा को जसवंतपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान प्रतिभा की मौत हो गई। प्रतिभा के एक 7 साल की बड़ी बहन है और 2 साल का एक भाई भी है।

तस्वीर जसवंतपुरा के अस्पताल की है। यहां बच्ची की मौत की खबर सुनकर परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने इस रास्ते पर स्पीडब्रेकर लगाने की मांग की
घटना के बाद ग्रामीणों ने रोष जताया कहा कि जसवंतपुरा भीनमाल सड़क मार्ग पर तहसील मुख्यालय के पास पिछले 6 महीने में एक दर्जन से ज्यादा दुर्घटना हो चुकी है। इसमें 3 लोगों की मौत भी हो चुकी है और एक दर्जन से ज्यादा घायल हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि ट्रैफिक कम होने के कारण वाहन सवार यहां से तेज गति से निकलते हैं। रास्ते के दोनों तरफ आवासीय कॉलोनियां होने से कई बार घटना हो चुकी है। ग्रामीणों ने यहां स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments