आजादी का अमृत महोत्सव इस बार हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता थीम पर मनाया जाएगा। जिले में 15 अगस्त तक व्यापक जनभागीदारी के साथ देशभक्ति व स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। जिला कलेक्टर टीना डाबी ने जिला स्तरीय बैठक में सभी विभागों को दिशा-निर्देश जारी कर तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। हर घर तिरंगा अभियान तीन चरणों में चलेगा। इसके पहले चरण में 8 अगस्त को स्कूलों की दीवारों और बोर्ड्स पर तिरंगा सजावट, तिरंगा रंगोली, राखी बनाओ प्रतियोगिता, घर-घर तिरंगा प्रचार, राजकीय भवनों व शैक्षणिक संस्थानों में प्रदर्शनी व कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।
द्वितीय चरण 9 से 12 अगस्त तक जल-संरचना, नाली सफाई, पाइप लाइन लीकेज सुधार, प्लास्टिक वेस्ट प्रबंधन, जल जीवन मिशन की संरचनाओं की सफाई व सजावट, शौचालय रखरखाव, जल स्रोत संरक्षण जैसी गतिविधियां होंगी।
तीसरे चरण में 13 से 15 अगस्त तक ध्वजारोहण, भवन सजावट, तिरंगा सेल्फी, बाइक/साइकिल/प्रभात रैली, सुजल गांव शपथ, तिरंगा केनवास (हस्ताक्षर व देशभक्ति संदेशों के लिए) जैसी पहल की जाएंगी। तिरंगा केनवास 13 से 15 अगस्त तक पंचायत स्तर पर लगेगा।
14 अगस्त को तिरंगा मेला व सांस्कृतिक संध्या:
14 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक तिरंगा प्रदर्शनी व मेला आयोजित होगा, जिसमें तिरंगे के महत्व से जुड़ी गतिविधियां, हाथ से तिरंगा कपड़ा निर्माण, चरखा, राजस्थान की सांस्कृतिक झलक आदि शामिल होंगी। शाम 7 बजे प्रत्येक पंचायत स्तर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें स्वतंत्रता सेनानियों, सैनिकों व शहीद परिवारों को आमंत्रित किया जाएगा। देशभक्ति गीतों पर लोक कलाकार प्रस्तुति देंगे। मुख्य बाजारों, चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों, बस स्टैंड, अटल सेवा केंद्रों पर विशेष सजावट व रोशनी की जाएगी। 13 से 15 अगस्त तक सभी सरकारी व निजी कार्यालयों पर तिरंगा फहराया जाएगा।
आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में गुरुवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय बलदेव नगर, बसरा में तिरंगा रैली का आयोजन हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने आस-पास के घरों, ढाणियों में तिरंगा रैली निकाली। विद्यालय परिसर में तिरंगा रंगोली बनाकर, बोर्डों को सजाकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया। संस्था प्रधान एवं हर घर तिरंगा वालंटियर भेराराम भाखर के संयोजन में कई घरों में तिरंगा ध्वज पहुंचाया गया। विद्यार्थियों और लोगों के हाथों में तिरंगा राखी बांधकर देश की एकता और अखण्डता का संकल्प लिया गया। रैली के दौरान भारत माता एवं हमारा तिरंगा ऊंचा रहे के जयकारों से आसमान को गुंजायमान किया गया। तिरंगा ध्वज हाथों में थामकर लहराते हुए बच्चे अपने आप को गौरवान्वित महसूस करते हुए प्रसन्नचित्त दिखें। इस दौरान मुकेश कुमार गौड़ ने तिरंगा ध्वज विद्यालय और हर घर के लिए भेंट किए। कार्यक्रम में जितेन्द्र कुमार, मदनलाल, चन्द्रप्रकाश सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत गुरुवार को बाड़मेर जिले के समस्त विद्यालयों में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी तनुराम ने बताया कि जिला कलेक्टर टीना डाबी के निर्देशानुसार आजादी का अमृत महोत्सव के आयोजन की श्रृंखला में बाड़मेर जिले में 15 अगस्त तक तीन चरणों में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत गुरुवार को विद्यालयों में श्यामपट्ट पर तिरंगा आधारित सजावट, विद्यालय परिसर में तिरंगा रंगोली बनाने के साथ विभिन्न गतिविधियों के जरिए हर घर तिरंगा फहराने का संदेश दिया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को तिरंगा के महत्व के बारे में बताते हुए अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। हर घर तिरंगा अभियान में बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाई। इस अभियान के पहले चरण में देशभक्ति पर आधारित कई गतिविधियां आयोजित की गई।
Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments