![]()
बूंदी के देई क्षेत्र में झोपड़ियां गांव में कीचड़ की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
बूंदी के देई क्षेत्र में भजनेरी पंचायत के चीता की झोपड़ियां गांव में कीचड़ की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया है। ग्रामीणों ने सीसी सड़क बनाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन को समस्या की जानकारी होने के बावजूद भी समाधान नहीं किया जा रहा है। मायाराम, लेखराज, भैरू प्रकाश, प्रधान, भवंर लाल, रामप्रकाश, मनीष मीणा, नीमलाल, काशीराम और रिटायर्ड सूबेदार कालू लाल ने बताया कि एक तरफ सरकार स्वच्छ भारत मिशन चला रही है। इसका उद्देश्य भारत को स्वच्छ और स्वस्थ बनाना है।
उन्होंने कहा कि “एक कदम स्वच्छता की ओर”, “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ” जैसी योजनाओं के दावों की पोल खुल रही है। जमीनी हकीकत कुछ और है। 11 साल बाद भी गांव की स्थिति बेहद खराब है।
गांव के स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को भी इस कीचड़ भरी राह से होकर स्कूल जाना पड़ता है। कई बच्चे कीचड़ में गिरने से उनके कपड़े और बैग खराब हो जाते हैं।
ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक अशोक चान्दना से भी फोन पर बात कर समस्या का समाधान मांगा है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को भी इस समस्या से अवगत कराया गया है। लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं।
गांव की महिलाओं का कहना है कि उन्हें घर से बाहर काम करने में कीचड़ की वजह से बहुत परेशानी होती है। सुबह-शाम कोई भी काम के लिए निकलना मुश्किल हो जाता है। पानी की मटकियां भी कई बार कीचड़ में गिरकर फूट जाती हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द कीचड़ और गंदगी की समस्या का समाधान करने की मांग की है। ताकि उनके बच्चों के लिए रास्ता सुगम बन सके।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments