![]()
बैठक में नेता विपक्ष राहुल गांधी की ओर से ‘वोट चोरी’ के खुलासे पर दिए गए वीडियो को कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रदर्शित किया गया।
हनुमानगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की अगस्त माह की मासिक बैठक मंगलवार को डीसीसी अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नेता विपक्ष राहुल गांधी की ओर से ‘वोट चोरी’ के खुलासे पर दिए गए वीडियो को कार्यकर्ताओं के समक्ष प्रदर्शित किया गया
डीसीसी अध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि नेता विपक्ष राहुल गांधी ने जिस तरह से ‘वोट चोरी’ के आरोपों को तकनीक और तथ्यों के साथ हमारे सामने रखा है, वह आंखें खोलने वाला है। यह सिर्फ एक राजनीतिक आरोप नहीं, बल्कि लोकतंत्र की नींव पर हमला है। राहुल गांधी ने जो आरोप लगाए, उनको बिना जांच किए खारिज करना तर्कसंगत नहीं है। डिजिटल वोटर लिस्ट देने में क्या दिक्कत है, जबकि सब जगह पेपरलेस करने की बात हो रही है। ऐसा संभवत इतिहास में पहली बार है जब विपक्षी सांसद इतनी बड़ी संख्या में चुनाव आयोग के खिलाफ सड़क पर उतरे हैं। इसके बावजूद चुनाव आयोग का बर्ताव निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जनभावनाओं को समझने में चूक कर रहा है। चुनाव आयोग को देश से माफी मांगनी चाहिए। संसद सत्र में सांसदों को हिरासत में लेकर थाने में रखना सांसदों के विशेषाधिकार के भी खिलाफ है। दादरी ने कहा कि राहुल गांधी के निर्देश पर पीसीसी अध्यक्ष डोटासरा की ओर से बीएलए नियुक्ति पर जोर दिया जा रहा है। इसलिए हमें हमारे जिले में भी अभी से सजग रहना है, ताकि आने वाले स्थानीय और पंचायत स्तर के चुनावों सहित विधानसभा के चुनावों में इस तरह की धांधली नहीं हो। पीसीसी उपाध्यक्ष भरतराम मेघवाल और जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि हम इस ‘वोट चोरी’ के खुलासे को केवल बैठक तक सीमित न रखें।
हमें इसे हर गांव, हर गली और हर घर तक पहुंचाना है। हमें आम जनता को बताना होगा कि उनके वोट का महत्व क्या है और कैसे उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। यह राहुल गांधी बनाम नरेंद्र मोदी की लड़ाई नहीं है। यह कांग्रेस बनाम बीजेपी नहीं है। यह सत्ता और विपक्ष के बीच का भी मसला नहीं है। असल में यह आपके वजूद का सवाल है और अब आपके पास कोई चारा नहीं है। आप चुप नहीं रह सकते हैं। क्योंकि आपका वह अधिकार, जो आपको हमारे लोकतंत्र में सबसे ज्यादा ताकत देता है। वोट का अधिकार छीना जा रहा है। बैठक में पीसीसी सदस्य प्रेमराज नायक, संगठन महामंत्री गुरमीत सिंह चन्दड़ा, उपाध्यक्ष करणी सिंह राठौड़, जयदेव भिड़ासरा, महामंत्री मनोज सैनी, गुरदीप चहल, लोकेन्द्र भाटी सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments