तूड़ी के कट्टों की आड़ में छिपाकर शराब तस्करी करने का आरोपी गिरफ्तार।
हनुमानगढ़ आबकारी विभाग की टीम ने सोमवार को भारतमाला रोड पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक जब्त किया। इस दौरान ट्रक ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया गया। शराब को तूड़ी के कट्टों की आड़ में छिपाकर तस्करी की जा रही थी
जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि आबकारी आयुक्त उदयपुर और जिला कलेक्टर के निर्देश पर राज्य में अवैध शराब की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, अवैध शराब की उपलब्धता को शून्य करने के उद्देश्य से सोमवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। उपायुक्त आबकारी निरोधक दल जोन बीकानेर के नेतृत्व में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह ने टीम के साथ कोहला स्थित भारतमाला रोड पर विशेष नाकाबंदी की।

आबकारी टीम ने 60 लाख रुपए की अवैध अंग्रेजी शराब से भरा जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया।
नाकाबंदी के दौरान, ट्रक नंबर आरजे 50 जीए 1973 को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी में तूड़ी के कट्टों के पीछे छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब की 506 पेटियां बरामद हुईं, जिन पर ‘फॉर सेल इन पंजाब’ लिखा था। टीम ने शराब जब्त कर ट्रक चालक सीताराम (44) पुत्र बीरबल राम बिश्नोई, निवासी रासीसर बासड़ा, पुलिस थाना नोखा, जिला बीकानेर को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 60 लाख रुपए बताई गई है।
पटावरी ने आगे बताया कि जिले में हथकढ़ शराब की बिक्री और राज्य में अनधिकृत रूप से आने वाली अवैध शराब के भंडारण और परिवहन को रोकने के लिए लगातार छापेमारी और गश्त की जा रही है। इस वित्तीय वर्ष में अब तक दो ट्रकों सहित कुल 15 वाहन जब्त किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ यह कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments