प्रथम चरण में अंडरपास के करीब 5 हजार वर्गमीटर क्षेत्र को सजाने के काम में 50 से अधिक आर्टिस्ट के साथ कलाप्रेमी शहरवासी व कला विद्यार्थियों द्वारा भी सहयोग किया जाएगा।
झीलों की नगरी उदयपुर में अंडरपास और रास्तों को गवरी, गणगौर, मेवाड़ी परंपरा जैसी थीम पर आधारित पेंटिंग्स से सजाया जाएगा। इससे उदयपुर का शहरी परिदृश्य नई पहचान पाएगा।
विश्व वास्तुकला दिवस के मौके पर कला और संस्कृति के रंगों से कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) के तत्वावधान में अर्बन स्केचर्स उदयपुर, क्रिएटिव सर्किल और ऐसा फॉर यू की संयुक्त पहल पर अनूठा कला एवं संस्कृति उत्सव ‘रंगत – रास्ता री…’ का आयोजन 6 से 16 अक्टूबर तक किया जाएगा। यह आयोजन विश्व वास्तुकला दिवस के अवसर पर सोमवार से शुरू होगा

उत्सव को तैयारियों को अंतिम रूप देते कलाकार।
कला, संस्कृति और वास्तुकला का संगम
शहर के सार्वजनिक स्थलों को कला का मंच बनाया जाएगा। उत्सव का सोमवार सुबह 9:30 बजे आरटीओ अंडरपास से होगा, जहां कलाकार और आमजन रोज शहर की सौंदर्य अभिव्यक्ति में हिस्सा लेंगे।
यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि यह उत्सव शहर की सांस्कृतिक आत्मा को सार्वजनिक स्थानों पर जीवंत करने का प्रयास है। आमजन, कलाकार, विद्यार्थी, आर्किटेक्ट और डिजाइनर मिलकर सड़कों, दीवारों और संरचनाओं को सृजनशीलता से सजाएंगे। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि उदयपुर की पहचान उसकी झीलों के साथ उसकी रचनात्मक आत्मा से भी हो।
पहले चरण में 50 से अधिक आर्टिस्ट, कलाप्रेमी और शहरवासी जुटेंगे
आयोजन संयोजक और प्रसिद्ध आर्किटेक्ट सुनील एस. लड्ढा ने बताया कि पहले चरण में अंडरपास के करीब 5 हजार वर्गमीटर क्षेत्र को सजाया जाएगा। इस काम में 50 से अधिक आर्टिस्ट के साथ कलाप्रेमी, शहरवासी व कला विद्यार्थियों की ओर से सहयोग किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘रंगत – रास्ता री…’ प्रदर्शनी आमजन सहभागिता का उत्सव है। इसका उद्देश्य है कि हर आमजन शहर के सौंदर्यीकरण में योगदान दे। ताकि सड़कें संवाद और अभिव्यक्ति का मंच भी बन सकें। उन्होंने कहा “हर रंग एक कहानी कहेगा और हर स्ट्रोक शहर की पहचान बनेगा।”
सहयोगी संस्थाओं की सहभागिता
इस रचनात्मक पहल को सफल बनाने में कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं। इसमें यूडीए, अर्बन स्केचर्स उदयपुर, क्रिएटिव सर्किल, ऐसा फॉर यू, वंडर सीमेंट, बिरला ओपस पेंट्स, बीएनआई उदयपुर, आईआईए, आईआईआईडी और यूसीसीआई जैसी संस्थाएं शामिल हैं। जो शहर की कला, संस्कृति और विकास के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं।
वास्तुकला दिवस पर मिलेगी सौगात
विश्व वास्तुकला दिवस के अवसर पर शहर के आर्किटेक्ट्स प्रतिभागी कलाकारों और विद्यार्थियों को वास्तुकला की बारीकियों से अवगत कराएंगे।
यूडीए के निदेशक (अभियांत्रिकी) संजीव शर्मा ने कहा कि यह आयोजन लोगों के लिए, लोगों की ओर से और लोगों का है। प्रतिभागी आयोजन से जुड़ने के लिए QR कोड स्कैन कर और आयोजक संस्थाओं से संपर्क कर सकते हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments