![]()
उदयपुर-चित्तौड़गढ़-कोटा फोरलेन पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब तीनों युवक बाइक से श्री सांवलियाजी के दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। ओछड़ी के
हादसे में आपस में जीजा-साला और दोस्त थे
मरने वालों की पहचान किशन (19) पुत्र दुर्गालाल भील और अर्जुन (20) पुत्र मुकेश भील, निवासी आतरवाड़ी, झालावाड़ के रूप में हुई है। दोनों ही गांव के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा के छात्र थे। वहीं, घायल युवक नरेंद्र (19) पुत्र जोधराज भील, निवासी धनोदा कला, झालावाड़, वर्तमान में बीए फर्स्ट ईयर का छात्र है। किशन और नरेंद्र आपस में जीजा-साले थे, जबकि अर्जुन किशन का दोस्त था। जीजा किशन घायल है। तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर श्री सांवलिया जी के दर्शन के लिए रविवार शाम करीब 4 बजे निकले थे।
मन्नत पूरी होने पर दर्शन को निकले थे तीनों
परिजनों के अनुसार, तीनों ने सांवरा सेठ (श्री सांवलियाजी) के दरबार में मन्नत मांगी थी। मन्नत पूरी होने पर अर्जुन ने दर्शन का प्लान बनाया। रविवार शाम करीब 4 बजे वे अपने-अपने गांव से झालावाड़ मुख्यालय पहुंचे, जहां से एक साथ बाइक पर रवाना हुए। सोमवार सुबह 4 बजे के करीब तीनों सांवलियाजी पहुंचे और एक होटल में रुककर फ्रेश होने के बाद मंदिर में दर्शन किए। दर्शन के बाद तीनों बाइक से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
तेज़ रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से मारी टक्कर, बाइक सवार उछलकर गिरे
हादसा कोटा फोरलेन पर ओछड़ी टोल के पास पुलिया के पास हुआ। बाइक को पीछे से आ रहे ट्रेलर ने जबरदस्त टक्कर मारी, जिससे संतुलन बिगड़ गया और तीनों युवक सड़क पर गिर गए। इसी दौरान ट्रेलर का पहिया किशन और अर्जुन के सिर पर चढ़ गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। नरेंद्र को गंभीर चोटें आईं, जिसे राहगीरों की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया।
ड्राइवर मौके से फरार, ट्रेलर जब्त
हादसे के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। घायल नरेंद्र को एम्बुलेंस से चित्तौड़गढ़ के जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका प्राथमिक इलाज किया गया है। वहीं दोनों मृतकों के शव मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। पोस्टमॉर्टम परिजनों के पहुंचने के बाद किया जाएगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments