![]()
नागौर जिले में एक फॉर्च्यूनर गाड़ी सवार बदमाशों ने डीएसटी टीम की नाकाबंदी तोड़कर फरार होने की कोशिश की। बदमाशों ने भागते हुए सड़क पर खड़ी डीएसटी टीम की गाड़ी को भी जोरदार टक्कर मार दी। इस दौरान टीम का एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।
इसके बाद थांवला थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने पीछा कर दो आरोपियों को दबोच लिया। घटना जिले के थांवला क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 8 बजे की है।
डेगाना के पुलिस उप अधीक्षक जयप्रकाश बेनीवाल ने बताया- मेड़ता डीएसटी टीम को अवैध मादक पदार्थों के परिवहन की सूचना मिली थी। इसी आधार पर डीएसटी और थांवला थाना पुलिस ने सुबह करीब 8 बजे थांवला सरहद पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक फॉर्च्यूनर ने डीएसटी टीम की गाड़ी को टक्कर मार दी और आगे निकल गई। इस दौरान पुलिसकर्मी कालूराम घायल हो गया।
दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया
पुलिस उप अधीक्षक बेनीवाल ने बताया कि डीएसटी और थांवला थाना पुलिस ने फॉर्च्यूनर गाड़ी जब्त कर ली है। साथ ही दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
इस मामले में रविवार देर शाम तक पुलिस ने आरोपियों के नाम का खुलासा नहीं किया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ कर ये पता लगा रही है कि गाड़ी में कुल कितने लोग थे। फॉर्च्यूनर का रजिस्ट्रेशन नंबर या किसके नाम से है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments