![]()
धौलपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत में 6855 मामलों का हुआ निपटारा।
धौलपुर में 13 सितंबर 2025 को आयोजित तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत में 6855 प्रकरणों का निस्तारण हुआ। एमएसीटी न्यायाधीश प्रीति नायक ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेखा यादव ने बताया कि मामलों के निपटारे के लिए 11 बेंच का गठन किया गया। धौलपुर मुख्यालय में 5, बाड़ी मुख्यालय में 4, राजाखेड़ा में एक और सैंपऊ में एक बेंच स्थापित की गई।
लोक अदालत में विभिन्न श्रेणियों के मामलों का निपटारा किया गया। इनमें 1579 राजीनामा योग्य फौजदारी प्रकरण, 52 एन.आई.एक्ट मामले और 7 धन वसूली के मामले शामिल थे। साथ ही 145 वैवाहिक विवाद, 219 भरण-पोषण और 1593 राजस्व के मामलों का समाधान हुआ।
लोक अदालत में कुल 3.42 करोड़ रुपए का अवॉर्ड पारित किया गया। प्री-लिटिगेशन के तहत बैंक ऋण, टेलिफोन बिल और अन्य सिविल विवादों के 1904 प्रकरणों का भी निपटारा किया गया।
इस अवसर पर दो टूटे हुए परिवारों को फिर से जोड़ने में सफलता मिली। पारिवारिक न्यायालय के दो अलग-अलग मामलों में पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद का समाधान हुआ। दोनों जोड़े एक साथ रहने को राजी हुए। बेंच के सामने दोनों दंपतियों का माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया।
यह आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments