![]()
हनुमानगढ़ के संगरिया क्षेत्र में डीओसी फीड से भरे चलते ट्रक में अचानक लगी आग।
हनुमानगढ़ जिले के संगरिया क्षेत्र के इंद्रपुरा गांव में मंगलवार-बुधवार की रात एक बड़ा हादसा हुआ। पंजाब से गुजरात जा रहा डीओसी फीड से भरा ट्रक अचानक आग की लपटों में घिर गया। यह हादसा रात करीब दो बजे हुआ जब ट्रक गांव के समीप से गुजर रहा था।
ट्रक में आग लगते ही चालक सुखजिंदर सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में आग ने भीषण रूप ले लिया और लपटें आसमान तक पहुंच गईं। घटना की सूचना मिलते ही इंद्रपुरा और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मदद में जुट गए।
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार छह घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक पूरा ट्रक जलकर राख हो चुका था। ट्रक में लदा सारा डीओसी फीड भी नष्ट हो गया।
संगरिया थानाधिकारी अमरसिंह ने बताया कि प्रथमदृष्टया माना जा रहा है कि ट्रक की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से स्पार्किंग हुई। इससे आग लगी। सूचना मिलते ही संगरिया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची।
एएसआई सूरजभान, एफसी संजय जाखड़ और दीनदयाल सहित टीम ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने एहतियातन रास्ते को डायवर्ट कर यातायात को दूसरी दिशा में मोड़ा। यह कदम किसी अन्य हादसे को रोकने के लिए उठाया गया।
थानाधिकारी ने बताया कि गनीमत रही कि ड्राइवर ने समय रहते कूदकर जान बचा ली। इंद्रपुरा और आसपास के ग्रामीणों ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर पूरी रात आग बुझाने में मदद की। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments