![]()
टोंक सदर थाना पुलिस ने दो हिस्ट्रीशीटर सहित तीन कुख्यात बदमाश गिरफ्तार किए है।
टोंक सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सहित 3 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। साथ ही गत दिनों रात के समय चन्दलाई ग्राम में फायरिंग करने व आगजनी कर सनसनी फैलाने वाले दो विधि संघर्षरत नाबालिगों को भी डिटेन किया है।
थाने के हिस्ट्रीशीटर पकड़े
गिरफ्तार किए गए आसमान उर्फ कालू माली के खिलाफ 8 मामले न्यायालय में लंबित हैं। यह टोंक सदर थाने हिस्ट्रीशीटर है। साथ ही इसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब आधा दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरणों में वांछित चल रहा है। इसी प्रकार बनेठा थाने का हिस्ट्रीशीटर आशाराम गुर्जर तथा उनियारा थाना इलाके का निवासी धर्मा देवरी भी शातिर बदमाश होकर कई प्रकरणों में वांछित चल रहे थे।
जानलेवा हमले में तोड़फोड़ आगजनी की थी
थानाधिकारी जयमल सिंह ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर एंव ईनामी अपराधी तथा जिले के मोस्ट वांटेड बदमाश आसमान उर्फ कालू माली तथा इसके सहयोगी की गैंग द्वारा जिलें में गत समय में एक के बाद एक कई वारदातें कर पुलिस के लिए सिर दर्द बना हुआ था।
18 मई को मोलाईपुरा के पास बनास नदी में आसमान उर्फ कालू माली, आशाराम व अन्य द्वारा परिवादी योगेश मीणा व उसके साथी पर जानलेवा हमला करते हुए मोटरसाईकलों में तोड़फोड़ व आग लगाने का प्रयास किया था। इसी तरह 6 जुलाई को आसमान उर्फ कालू माली द्वारा परिवादी शेरसिंह मीणा को सोलंगपुरा चौराहा पर सरेआम बीच रास्ते में रोककर मारपीट की थी।
बिना नंबरी थार भी जब्त
7 जुलाई को आसमान उर्फ कालू माली व उसके साथियों ने सिविल लाईन टोंक में अपनी ब्लैक थार जीप से मोटरसाईकल पर जा रहे मोलाईपुरा निवासी हरीराम मीणा के रंजिश के चलते टक्कर मारकर घायल कर दिया था। पुलिस ने आसमान उर्फ कालू माली (24), धर्मराज उर्फ धर्मा (25), आशाराम (25) को गिरफ्तार किया। इसके अलावा दो बाल-अपचारी डिटेन किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों से एक ब्लैक थार जीप बिना नंबरी, दो अवैध पिस्टल बरामद की है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments