![]()
मासलपुर थाना पुलिस टीम ने 7 साल से फरार इनामी आरोपी को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से पकड़ा है।
करौली पुलिस ने टोडाभीम क्षेत्र के व्याख्याता नीतू गुर्जर हत्याकांड का आरोपी संतोष गुर्जर गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से पकड़ा है। पुलिस ने उस पर 50 हजार का इनाम घोषित कर रखा था।
आरोपी पिछले सात साल से फरार चल रहा था। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में पहचान छिपाकर रह रहा था। मुखबिर की सूचना पर मासलपुर थाना पुलिस टीम विजयवाड़ा पहुंची। थुल्लूर गांव में पुलिस को देखकर आरोपी जंगल की तरफ भागा। टीम ने एक किलोमीटर का पीछा कर उसे पकड़ लिया।
13 नवंबर 2018 को नीतू गुर्जर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। तभी स्कॉर्पियो से टक्कर मारकर उन्हें और उनके भाई को घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान नीतू की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया था। लोगों ने कैंडल मार्च निकाला और हाईवे जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था।
गिरफ्तारी में मासलपुर थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिसकर्मी परमजीत सिंह, राजेश कुमार, रविंद्र सिंह, बृजेश सिंह और जयवीर सिंह की टीम शामिल थी। आरोपी को टोडाभीम थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। अब उससे पूछताछ कर आगे की जांच की जाएगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments