![]()
नगर निगम आयुक्त की कार कुर्क करता कोर्ट कर्मचारी।
यूडी टैक्स की वसूली के लिए नगर निगम संपत्तियां कुर्क करता है। अब उसी नगर निगम के आयुक्त श्रवण विश्नोई की कार मंगलवार को कुर्क कर ली गई। यह कार्रवाई कोर्ट को अपने आदेश की पालना करवाने के लिए करनी पड़ी। अब आयुक्त निगम की किसी कार का उपयोग नहीं कर सकेंगे
वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश के आदेश पर मंगलवार सुबह सेल अमीन पीड़ित पूरण सिंह के साथ नगर निगम पहुंचा। अमीन ने निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई को कोर्ट के कुर्की आदेश की जानकारी दी। जिसके बाद आयुक्त ने फोन कर लीगल एडवाइजर को बुलवाया। आयुक्त और लीगल एडवाइजर ने डिक्रीदार पूरण सिंह को बहलाने की कोशिश की। पीड़ित के नहीं मानने पर सेल अमीन को कुर्क करने के बजाए केवल कागजी कार्यवाही करने का सुझाव दिया गया। अमीन ने कोर्ट आदेश की अवहेलना करने से इंकार करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद आयुक्त कक्ष के ठीक सामने खड़ी उनकी लग्जरी कार पर कुर्की की सूचना चिपका दी गई। इसके बाद नगर निगम की दो अन्य कारें भी कुर्क की गई। तीनों वाहनों की सुपुर्दगी निगम आयुक्त को दी गई।
स्टे के बावजूद तत्कालीन आयुक्त ने पीड़ित की संपत्ति काे तोड़ा था
साथ ही आयुक्त श्रवण कुमार विश्नोई को पाबंद भी किया गया कि इन वाहनों में कोई परिवर्तन नहीं किया जाए। ना ही इन्हें खुर्द बुर्द किया जाए। कार्रवाई होते देख निगम पहुंचने वालों में चर्चा का विषय बन गया। दूसरों को नियम-कायदों का हवाला दे कार्रवाई करने वाले खुद कानून का पालन नहीं कर रहे।
पीड़ित पूरण सिंह के अनुसार कुम्हेर गेट पर सीएफसीडी के किनारे उसकी दो दुकानें, एक हॉल और चारदीवारी थी। जिस पर निगम से विवाद होने पर उसने कोर्ट में दावा किया था। कोर्ट ने नगर निगम आयुक्त को स्टे से पाबंद किया था। इसके बावजूद तत्कालीन आयुक्त बालोत ने 2018 में संपत्ति को तोड़ दिया।
कोर्ट ने मई 22 में पीड़ित के पक्ष में डिक्री जारी कर दी। साथ ही निगम को छह महीने में पूरी संपत्ति वापस बनाकर देने के आदेश दिए। इसके खिलाफ निगम किसी भी उच्च अदालत से राहत नहीं मिली। इसके बावजूद कोर्ट के आदेश की पालना नहीं की गई। तब जा कर कोर्ट को कुर्की की कार्रवाई करने के आदेश देने पड़े। अब कोर्ट निर्माण की लागत वसूलने के लिए तीनों कारों को नीलाम करेगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments