उदयपुर की 100 फीट रोड पर शहर विधायक और यूडीए, नगर निगम के अधिकारी
उदयपुर शहर में आने वाले दिनों में चल रहे विकास कामों के साथ-साथ तीन नए चौराहों के विस्तारीकरण का भी किया जाएगा इससे यातायात सुगमता से निकल सके और जाम की स्थिति से मुक्ति मिले। इसमें मुख्य रूप से ठोकर चौराहा को चौड़ा किया जाएगा।
यह शनिवार को उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने यूडीए आयुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना, यातायात डिप्टी अशोक आंजना और दोनों विभागों के अधिकारियों के साथ मिलकर शहर में दौरा किया और उसके बाद इसको लेकर निर्णय किए गए।
सबसे पहले ये सभी ठोकर चौराहा पर पहुंचे। वहां चौराहा काफी संकरा होने और यहां पर यातायात का भारी दबाव होने के कारण दिन में कई बार जाम लगता है और लोग परेशान होते है। विधायक जैन ने चौराहा विस्तारीकरण के लिए मौके पर ही चर्चा की। यूडीए और नगर निगम के अभियंताओं ने इस चौराहे के विस्तारीकरण के लिए बताया कि प्रतापनगर से सेवाश्रम की ओर सडक़ को ठोकर चौराहा होते हुए जा रही है वहां पर अण्डरपास से आगे जहां पर संडे बाजार लगता है वहां पर करीब 15 फीट रोड़ निगम की है, जहां पर डेरे वालों ने कब्जा कर रखा है।
तय किया गया कि यहां पर निगम अपनी सीमा पर एक नाला बनाएगा और इसके बाद इस नाले तक रोड़ को चौड़ा किया जाएगा। इसके साथ ही वहां पर 11 हजार केवी का ट्रांसफार्मर है, जिसे भी शिफ्ट किया जाए ताकि और गुंजाईश मिलेगी। इसके साथ ही सेवाश्रम से जो रोड़ ठोकर होते हुए आयड़ की ओर जा रही है, वहां पर जो भी अतिक्रमण है उसे तोडक़र सडक़ को करीब 10 फीट से अधिक चौड़ा किया जा सकेगा।
बाद में दोनों तरफ से सेंटर लाइन कर सेवाश्रम से आयड़ की ओर जा रहे सडक़ पर पैंसिल डिवाईडर लगाकर सडक़ को दो हिस्सों में कर दिया जाएगा ताकि जिसे आयड़ की ओर जाना हो तो वह आयड़ निकल सकें और जिसे प्रतापनगर की ओर जाना हो वह निकल सकें।
शोभागपुरा प्रवेश रोड़ पर हटाए जाएंगे रैंप ठोकर चौराहे से सभी शोभागपुरा 100 फीट रोड़ के प्रवेश वाली रोड़ पर पहुंचे। यहां पर भी रोज शाम को भारी जाम लगता है। ऐसे में शहर विधायक ने निगम और यूडीए के अधिकारियों को बताया कि आयड़ पुलिया से लेकर शोभागपुरा 100 फीट रोड़ के प्रवेश तक की सडक़ के पर एक मॉल द्वारा बनाए गए रैंप को तोड़ा जाएगा।

सड़कों पर जाम, अतिक्रमण आदि को लेकर मौका देखने पहुंचे विधायक
इस मॉल ने सडक़ पर लगे विद्युत विभाग के एक खंभे की आड़ में रैंप बना दिया, जिससे यहां पर वाहन खड़ रहने लगे और सडक़ सकंरी हो गई। इस खंभे को भी हटाकर पीछे शिफ्ट किया जाएगा और रैंप को हटाकर सडक़ को चौड़ा का पैंसिल डिवाईडर लगाए जाएंगे, ताकि जिसे शोभागपुरा की ओर जाना हो वह पैंसिल डिवाईडर के पास होता चला जाएगा और जिसे यूनिवर्सिटी रोड़ जाना होगा वह सीधे निकल जाएगा।
इसी तरह शोभागपुरा की ओर से यूनिवर्सिटी रोड़ की ओर आने वाले रोड़ के आखिरी हिस्से पर ही कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे पहले टीनशेड़ का छज्जा डाला और बाद में धीरे-धीरे दीवार बनाकर दुकानें बना ली। स्थानीय लोगों ने शहर विधायक को इस अतिक्रमण के बारे में जानकारी दी। जैन ने यूडीए के अधिकारियों को तत्काल इस अतिक्रमण को तोडक़र सडक़ चौड़ा करने के निर्देश दिए।
शोभागपुरा से पहले बनेगा नया चौराहा शोभागपुरा 100 फीट रोड़ पर ज़ुडियो शोरूम के सामने एक नया चौराहा बनाना प्रस्तावित है। यहां पर आरके सर्कल की ओर से आ रही 80 फीट रोड़ भी इसी शोभागपुरा 100 फीट रोड़ पर आकर मिल रही है।
जैन ने यूडीए आयुक्त राहुल जैन से कहा कि जिन-जिन मॉल वालों ने मॉल की सीमा के बाहर रैंप बनाकर अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है उसे हटाया जाए और चौराहा बनाने के साथ ही इस चौराहे के आस-पास डिवाईडर पर जो भी कट हो उसे भी बंद किया जाए ताकि किसी तरह की दुर्घटना न हो और यातायात व्यवस्थित रहे।
मौके पर यूडीए आयुक्त राहुल जैन ने अपने अभियंता को इस चौराहे की अच्छी ड्राईंग बनाने और जिन-जिन लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है उसे सख्ती से हटाने के निर्देश दिए।
ट्राईडेंट रोड़ का भी निरीक्षण शहर विधायक ने इससे पहले यूडीए और निगम के आयुक्त के साथ होटल ट्राईडेंट से लेकर दूधतलाई की रोड़ का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जहां-जहां पर समस्याएं आ रही थी उस जगह को देखा और अधिकारियों के साथ चर्चा की। अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि एक माह में इस रोड़ का काम पूरा हो जाएगा।
इस दौरान भाजपा नेता नानालाल वया, मनोहर चौधरी, मुकेश शर्मा, मण्डल अध्यक्ष कन्हैया वैष्णव, रणजीत सिंह दिगपाल, जितेन्द्र मारू, महेन्द्र दोषी निगम के वरिष्ठ अभियंता मुकेश पुजारी, यूडीए के वरिष्ठ अभियंता संजीव शर्मा आदि मौजूद थे।
Related
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments