![]()
हनुमानगढ़ जंक्शन में अबोहर बाइपास मार्ग पर एसटीपी के निकट बना वाटर डैम टूटने से कई इलाकों में पानी भर गया।
हनुमानगढ़ जंक्शन में अबोहर बाइपास मार्ग पर बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज के पास एसटीपी के निकट बना वाटर डैम रात में अचानक टूट गया। गंदा पानी तेजी से अबोहर बायपास को पार कर सिविल लाइंस में पहुंच गया। पानी एडीएम के सरकारी आवास तक पहुंच गया।
सूचना मिलते ही पूर्व सभापति सुमित रणवां अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ पूर्व पार्षद तरुण विजय, मनोज सैनी, शेर सिंह, रमजान भाटी, मुकेश भार्गव और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे। स्थिति यह थी कि अगर नगर परिषद की टीम एक घंटे भी देर से पहुंचती तो पूरा सिविल लाइंस इलाका गंदे पानी से भर जाता।
मौके पर चारों ओर अंधेरा था और बिजली की व्यवस्था नहीं थी। पानी का बहाव इतना तेज था कि कर्मचारी भी डर गए। सभी ने मिलकर नगर परिषद के अमले को सक्रिय किया। एक घंटे की मेहनत के बाद बंधे को काबू में किया गया। पोकलेन मशीन की मदद से पानी के फैलाव को रोका जा सका।
पूर्व पार्षद प्रतिनिधि मुकेश भार्गव के अनुसार लगातार हुई बारिश से डैम ओवरफ्लो हो गया था। बंधे का एक हिस्सा पहले से कमजोर था, जो दबाव न झेल पाने के कारण टूट गया। कुछ मकानों में दरारें आ गईं। टूटे हिस्से को मजबूत कर दिया गया है। डैम का पानी बेबी हैप्पी कॉलेज के आसपास भी भर गया, जिससे कॉलेज परिसर प्रभावित हुआ।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments