![]()
हनुमानगढ़ के वार्ड 48 के लोगों ने टूटी सड़क की समस्या को लेकर एडीएम को सौंपा ज्ञापन।
हनुमानगढ़ के वार्ड 48 के निवासियों ने गुरुवार को नगर परिषद प्रशासक-अतिरिक्त जिला कलेक्टर उम्मेदी लाल मीना को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने स्वीकृत ट्यूबवेल लगवाने और सड़कों का निर्माण करवाने की मांग की है।
वार्ड के रामकुमार सेवटा ने बताया कि वार्ड 48 में पंचमुखी मंदिर के सामने नगर परिषद द्वारा निर्मित सार्वजनिक पार्क में ट्यूबवेल लगाने के लिए विधायक ने अनुशंसा की थी। यह ट्यूबवेल राज्य सरकार से स्वीकृत हो चुका है और कार्यादेश भी जारी हो चुके हैं।
लेकिन अभी तक ट्यूबवेल लगाने का कार्य शुरू नहीं हुआ है। वार्ड में गर्मी के मौसम में पानी का संकट बना रहता है। वार्डवासियों ने बताया कि वार्ड 48 में कई सड़कों के निर्माण के लिए पूर्व में भी कई बार प्रार्थना-पत्र दिए गए हैं। इनमें संगरिया रोड से चक ज्वाला सिंहवाला मार्ग, रिद्धेश्वर पैलेस से अरिहंत भवन रोड, भटनेर पिंक सिटी रोड और टूटी पुलिया का निर्माण शामिल है।
इन सड़कों का निर्माण न होने से वाहन चलाने में परेशानी होती है। इन मार्गों से स्कूल वाहिनियां भी गुजरती हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। वार्डवासियों ने नगर परिषद प्रशासक से स्वीकृत ट्यूबवेल लगवाने के साथ-साथ सड़कों और पुलिया का निर्माण करवाने की मांग की है। इस मौके पर मदन शाक्य, अशोक अग्रवाल, खेमचंद, मनीष सहित कई वार्डवासी उपस्थित थे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments