![]()
त्रिवेणी संगम स्थित रामेश्वर घाट पर डूबे युवक का शव सोमवार सुबह 24 घंटे बाद खोजा गया। जिसे प्रशासन ने परिजनों को सौंप दिया।
अमावस्या पर स्नान के दौरान हुआ था हादसा
रविवार सुबह करीब 9 बजे चंबल नदी में नहाते समय मनोज पुत्र हनुमान जाट निवासी गोठडा गहराई में चला गया था और डूब गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। लगातार लगभग 24 घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सोमवार सुबह करीब 9 बजे युवक का शव रामेश्वर घाट से कुछ दूरी पर नदी के भीतर से निकाला गया। शव बरामद होने के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद से ही परिजनों की स्थिति बेहद खराब बनी हुई थी। इस दौरान ग्रामीण भी बड़ी संख्या में रामेश्वर घाट पर जुटे रहे।
हर साल होते हैं हादसे
चंबल नदी क्षेत्र में हर साल इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। प्रशासन समय-समय पर लोगों से नदी में गहराई तक न जाने और सतर्क रहने की अपील करता है, लेकिन इसके बावजूद हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे।
साइन बोर्ड लगाने की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि त्रिवेणी संगम पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नहाने आते हैं, लेकिन यहां पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए पुख्ता व्यवस्था की जाए और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। जिससे यहां घटित हो रहे हादसों में कमी आ सके।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments