![]()
थाना क्षेत्र के हंतरा मोड़ पर सोमवार शाम 6 बजे दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक बोलेरो ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का इलाज आरबीएम हॉस्पिटल में चल रहा है।
एसएचओ नेतराम ने बताया कि मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है – डीग निवासी मुकेश (23), मोहारी वैर निवासी हेमराज (35), और रामगढ़ महवा निवासी ऋतिक (18)। ऋतिक का छोटा भाई देवराज (9) गंभीर रूप से घायल हुआ है। जिसका आरबीएम में इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, हंतरा मोड़ पर बाइक और स्कूटी कुछ दूरी पर चल रही थीं। तभी सामने से आ रही बोलेरो ने दोनों वाहनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों पर सवार लोग उछलकर दूर गिर गए।
हादसे के तुरंत बाद बोलेरो चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतकों के शवों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में डालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस भागे हुए ड्राइवर की तलाश में जुटी हुई है।
भास्कर इनसाइट – सड़क पर 8 फुट तक रखी है कड़ब, वाहनों के लिए सिर्फ 12 से 15 फुट रास्ता बचता है
जिस जगह पर हाल ही में तीन लोगों की जान गई, वहां हादसों की सबसे बड़ी वजह सड़क पर रखी कड़ब है। जानकारी के अनुसार, किसानों ने अपने खेतों से कड़ब काटकर सड़क के दोनों तरफ रख दिया है। सड़क की चौड़ाई लगभग 20 से 22 फीट है, लेकिन कड़ब के कारण दोनों तरफ से आने वाले वाहनों के लिए केवल 12 से 15 फीट ही रास्ता बचता है। इस वजह से आए दिन दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है और हाल ही में हुई इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत भी इसी अतिक्रमण के कारण हुई। पुलिस ने बताया कि पीडब्ल्यूडी को पत्र लिखकर सड़क से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई जाएगी, ताकि भविष्य में हादसों को रोका जा सके।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments