![]()
जयपुर जिले में 70 नई उचित मूल्य की दुकानों के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर, सोमवार से शुरू होगी। (फाइल फोटो)
जयपुर जिले में 70 नई उचित मूल्य की दुकानों के लिए आवेदन प्रक्रिया 8 सितंबर, सोमवार से शुरू होगी। जिला रसद अधिकारी कार्यालय जयपुर प्रथम में 11 और जयपुर द्वितीय में 59 दुकानों के लिए आवेदन मांगे गए हैं।
जिला रसद अधिकारी त्रिलोकचंद मीणा के अनुसार, आवेदन पत्र 8 से 30 सितंबर तक सुबह 9:30 से शाम 6 बजे तक मिलेंगे। भरे हुए फॉर्म 15 सितंबर से 10 अक्टूबर तक जमा किए जा सकेंगे।
आवेदन पत्र केवल जिला रसद अधिकारी कार्यालय से ही मिलेंगे। ई-मित्र, टाइपिस्ट या नोटरी से प्राप्त फॉर्म मान्य नहीं होंगे। फॉर्म की कीमत 100 रुपए है, जो डिमांड ड्राफ्ट या पोस्टल ऑर्डर से जमा करनी होगी।
शहरी क्षेत्र में आवेदक को उसी वार्ड का निवासी होना जरूरी है, जहां राशन वितरण होना है। ग्रामीण क्षेत्र में आवेदक को संबंधित ग्राम पंचायत का निवासी होना चाहिए। एक से ज्यादा आवेदन मिलने पर दुकान वाले वार्ड के निवासी को प्राथमिकता मिलेगी।
आवेदक की उम्र 21 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। निवास और आयु प्रमाण के लिए वोटर लिस्ट, वोटर आईडी, आधार कार्ड, जनाधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई एक दस्तावेज देना होगा।
आवेदक की शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम स्नातक होनी चाहिए और कंप्यूटर में आरकेसीएल अथवा समकक्ष सरकारी संस्थान का तीन माह का आधारभूत प्रशिक्षण प्राप्त होना अनिवार्य है। स्नातक योग्य अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं होने पर 12वीं उत्तीर्ण आवेदकों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे।
जिन आवेदकों के पास कंप्यूटर प्रशिक्षण नहीं है, उन्हें चयनित होने के छह माह के भीतर प्रशिक्षण प्राप्त करने का शपथ पत्र प्रस्तुत करना होगा। समितियों अथवा समूह निकायों द्वारा आवेदन किए जाने की स्थिति में अध्यक्ष/सचिव/प्रबंधक के लिए यह योग्यता एवं दक्षता आवश्यक होगी।
इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया, अर्हता तथा अन्य नियम एवं शर्तों की विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://meals.rajasthan.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments