![]()
झालावाड़ के पिपलोदी गांव में स्कूल भवन की छत गिरने के बाद राज्य सरकार ने सभी जर्जर स्कूलों भवनों को चिह्नित करने और उनको ठीक कराने की घोषणा की थी। यही नहीं, ऐसे जर्जर भवनों से बच्चों को अन्यत्र शिफ्ट करने की बात भी कही थी।
अब कोटा के सांगोद में ग्रामीण सेवा शिविरों के निरीक्षण के दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर शनिवार को मोरुकलां, लोढाहेड़ा, दिल्लीपुरा और दीगोद पहुंचे। इसके बाद गुरायता, बोरीनाखुर्द, तरकस्या, विजयपुर, कुदैत, कोटड़ी, घानाहेड़ा, लक्ष्मीपुरा गांव की ग्राम चौपाल कर जनसंवाद किया। इसी दौरान दिल्लीपुरा के शिविर के अवलोकन के दौरान ग्रामीणों ने स्कूल भवन जर्जर होने और ठेकेदार फर्म द्वारा घटिया निर्माण कार्य कराने की शिकायत की। मंत्री नागर शिकायत सुनते ही स्कूल भवन में पहुंच गए।
स्कूल में फर्श जगह-जगह से उखड़ा मिला। दीवारों में दरारें मिली। उन्होंने टाइलें उखड़वाई तो बड़े-बड़े गड्ढे मिले। ग्रामीणों ने बताया कि भवन की स्थिति को देखकर कमरों में छात्र छात्राएं नहीं बैठे हैं। नागर ने अधिकारियों पर नाराजगी जताई। उन्होंने शिक्षा अधिकारियों को फोन कर फटकार लगाई। कार्यकारी फर्म को ब्लैकलिस्ट कर वसूली करने के निर्देश दिए। कहा कि सारी वस्तुस्थिति मुख्यमंत्री को बताऊंगा।
शिक्षक पर चोरी की शिकायत, मंत्री ने कहा- FIR दर्ज करो
झालावाड़ में स्कूल छत गिरने से बच्चों की मौत के बावजूद नहीं सुधरे हालात
इससे पहले शुक्रवार देररात ईदलपुरा पहुंचने पर ग्रामीणों ने स्थानीय शिक्षक पर स्कूल नहीं आने का आरोप भी लगाया था। ग्रामीणों ने शिक्षक पर स्कूल भवन का मलबा चुराकर अपने घर ले जाने की शिकायत की थी। स्कूल छत की पट्टियां और पत्थर ले जाने का आरोप भी लगाया।
मंत्री नागर ने स्कूल शिक्षक को तलब कर फटकार लगाई। शिक्षक को निर्माण सामग्री वापस लाने और शिक्षक के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। शिक्षक को रोजाना समय पर स्कूल आने के लिए पाबंद किया। मंत्री नागर ने शिकायत करने के लिए आए स्कूली बच्चों को अपने फोन नंबर देकर कहा कि दोबारा कोई शिकायत आए तो सीधे फोन कर देना। इस दौरान नागर ने कहा कि हर गांव स्वच्छ होना चाहिए। कहीं पर भी कीचड़ बर्दाश्त नहीं होगा। स्कूलों में शिक्षा को लेकर किसी प्रकार की कोई लापरवाही की गई तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने क्षेत्र में बहने वाली हरिश्चंद सागर नहर के जीर्णोद्धार को लेकर ग्रामीणों को आश्वासन दिया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments