![]()
जिला प्रभारी सचिव एवं आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा राजस्थान इकबाल खान ने शनिवार को खैरथल-तिजारा जिले का दौरा कर आपदा राहत, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
जिला सचिवालय में आयोजित बैठक में उन्होंने गिरदावरी, फसल नुकसान सर्वेक्षण, बीमा दावे, मुआवजा वितरण और भिवाड़ी क्षेत्र में जलभराव की समस्या पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिलनी चाहिए तथा स्थायी समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई हो।
आंगनबाड़ी व स्कूल भवन जर्जर घोषित प्रभारी सचिव ने किशनगढ़बास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र और राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। जर्जर हालत देखकर उन्होंने दोनों भवनों को खराब घोषित कर गिराने और नए भवन निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गोशाला निरीक्षण किया खैरथल में श्री किशनलाल शास्त्री धर्मार्थ गोशाला का निरीक्षण करते हुए उन्होंने गायों के लिए चारा-पानी और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। संचालक ने बताया कि गोशाला में करीब 600 गायें संरक्षित हैं और प्रतिदिन 60 से 70 लीटर दूध उत्पादन हो रहा है। प्रभारी सचिव ने आत्मनिर्भरता के लिए नवाचार उपाय सुझाए।
राजकीय सेटेलाईट अस्पताल खैरथल में निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की बेड कैपेसिटी, जांच सुविधा, दवा आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था देखी। पीएमओ नितिन शर्मा ने बताया कि अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 550 ओपीडी मरीज देखे जा रहे हैं और 52 प्रकार की जांचें निशुल्क की जा रही हैं। सचिव ने खराब डायलिसिस मशीन को तुरंत दुरुस्त कर सेवा बहाल करने तथा अस्पताल भवन की मरम्मत-पेंटिंग कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, एडीएम शिवपाल जाट, एडीएम भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र, किशनगढ़बास एसडीएम मनीष जाटव, तहसीलदार नरेन्द्र भाटिया सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments