![]()
प्रशासनिक अमला ट्रैक्टर में सवार होकर हालातों का जायजा लेता।
सवाई माधोपुर जिला कलेक्टर और एसपी बुधवार शाम को ट्रैक्टर में सवार नजर आए। मौका था जल भराव वाले इलाकों का दौरा करने का, जब जिला कलेक्टर कानाराम और एसपी अनिल कुमार बेनीवाल एक साथ एक ही ट्रैक्टर में बैठे हुए दिखाई दिए।
प्रशासनिक अमला हुआ ट्रैक्टर पर सवार
दरअसल, कलेक्टर काना राम और SP अनिल कुमार बेनीवाल ने बुधवार शाम को उपखंड अधिकारी दामोदर सिंह, विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा सहित प्रशासनिक व फील्ड अधिकारियों की टीम के साथ करमोदा, सूरवाल, मैनपुरा एवं अजनोटी गांवो का ट्रैक्टर-ट्रॉली से दौरा कर जल-भराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
सूरवाल बांध पर 2.5फीट चादर चलने पानी भरा
गौरतलब है कि क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण जलआवक बढ़ने से सूरवाल बांध में 17.5 फीट जलस्तर हो गया है जिसके कारण 2.5 फीट की चादर चलने से डाउनस्ट्रीम के गांव में एवं मुख्य मार्ग पर पानी भर गया है। जिसके कारण सवाई माधोपुर भगवतगढ़ मार्ग एवं सवाई माधोपुर लालसोट मार्ग बाधित हो गया है। जिला कलेक्टर ने स्थानीय निवासियों से सवाई माधोपुर लालसोट मार्ग का प्रयोग नहीं करके इसके स्थान पर लालसोट व गंगापुर सिटी जाने हेतु कुस्तला से लालसोट तक एक्सप्रेस-वे का प्रयोग करने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्य मार्गों पर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया तथा क्षेत्रीय निवासियों से संवाद कर उनके हालचाल जाने। इस दौरान उन्होंने संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों का भौतिक निरीक्षण कर जनसुरक्षा के दृष्टिगत संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को बचाव, राहत व आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments