![]()
त्योहार के इस सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने एक खास पहल की है। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व जैसे बड़े त्योहारों के दौरान अतिरिक्त यातायात की वजह से यात्रियों को परेशानी न हो, इसलिए रेलवे ने कानपुर सेंट्रल से असारवा (गुजरात)
दोनों दिशाओं में चलेगी 7-7 ट्रिप
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण के अनुसार, गाड़ी संख्या 01905 कानपुर सेंट्रल–असारवा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 22 सितंबर से 3 नवंबर तक केवल सोमवार को सप्ताह में एक बार चलेगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल से सुबह 8:15 बजे रवाना होकर अगले दिन मंगलवार सुबह 5:45 बजे असारवा स्टेशन पहुंचेगी। वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 01906 असारवा–कानपुर सेंट्रल साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 23 सितंबर से 4 नवंबर तक हर मंगलवार सुबह 9:15 बजे असारवा से चलेगी, और बुधवार सुबह 7 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन कुल 7-7 ट्रिप करेगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह ट्रेन कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी, जिससे रास्ते में पड़ने वाले शहरों और कस्बों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। ठहराव वाले स्टेशन इटावा, फिरोजाबाद, टूंडला, ईदगाह, फतेहपुर सीकरी, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, केशोराय पाटन, बूंदी, मांडलगढ़, चंदेरिया, मावली, उदयपुर सिटी, जावर, डूंगरपुर और हिम्मतनगर है। इन स्टेशनों के जरिए यह ट्रेन उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात को जोड़ती है।
कुल 21 होंगे डिब्बे, 2 गार्ड ब्रेक डिब्बे भी होंगे
इस विशेष रेलसेवा में कुल 21 डिब्बे लगाए जाएंगे, जिसमें सभी वर्गों के यात्रियों के लिए सुविधा होगी। इसमें 1 सेकेंड एसी, 2 थर्ड एसी, 4 स्लीपर क्लास (द्वितीय शयनयान), 8 जनरल डिब्बे (साधारण श्रेणी) और 2 गार्ड ब्रेक डिब्बे शामिल हैं। इससे आम यात्री से लेकर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों तक, सभी को सुविधा मिलेगी।
चित्तौड़गढ़ को होगा लाभ, बड़े स्टेशनों तक जाने की नहीं होगी जरूरत
इस विशेष ट्रेन का एक अहम फायदा चित्तौड़गढ़ जिले को भी मिलेगा, क्योंकि यह ट्रेन चंदेरिया और मावली स्टेशनों पर रुकती है, जो चित्तौड़गढ़ के बहुत नजदीक हैं। चित्तौड़गढ़ और आसपास के गांवों से हजारों लोग हर साल त्योहारों के समय अपने घरों की ओर यात्रा करते हैं। ऐसे में उन्हें अब जयपुर या कोटा तक जाकर ट्रेन पकड़ने की जरूरत नहीं होगी। वे स्थानीय स्टेशनों से सीधा ट्रेन पकड़कर उत्तर प्रदेश या गुजरात की ओर जा सकेंगे। इससे न केवल समय और पैसा बचेगा, बल्कि यात्रा भी काफी आरामदायक होगी।
अब यात्रियों को ज्यादा नहीं होगी परेशानी
त्योहारों के समय ट्रेन में जगह पाना बहुत मुश्किल हो जाता है। टिकट वेटिंग में रह जाती है और यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में रेलवे द्वारा शुरू की गई यह साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन सेवा लोगों के लिए राहत लेकर आई है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के बीच यात्रा करने वालों के लिए यह सेवा सुविधाजनक और किफायती साबित होगी। खासतौर से चित्तौड़गढ़ जैसे इलाके के लिए यह एक सुनहरा मौका है, जहां के लोग नजदीकी स्टेशनों से ही लंबी दूरी की सीधी ट्रेन सेवा का लाभ उठा पाएंगे। यह पहल त्योहारों की खुशियों को और बढ़ा देगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments