दूध के टैंकर में केमिकल की मिलावट का पर्दाफाश भास्कर डिजिटल में किया गया था। भास्कर रिपोर्टर रणबीर चौधरी और विक्रम सिंह ने उदयपुर-जयपुर-दिल्ली हाईवे पर करीब एक महीने तक गैंग के टैंकर का पीछा किया था। इसके बाद जहरीले दूध की सप्लाई का भांडा-फोड़ हुआ था
भास्कर की खबर के बाद होटल मालिक सहित चार लोगों के खिलाफ अजमेर के श्रीनगर थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। मेहसाणा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के केंद्र प्रभारी सुजय कुमार ने सबूत के तौर पर भास्कर डिजिटल की खबर और इसके वीडियो को भी पेन ड्राइव में लेकर पुलिस को सौंपा है।

भास्कर ने किया था पर्दाफाश
दरअसल, गैंग ने उदयपुर-जयपुर-दिल्ली हाईवे पर बने होटल श्याम संगम के पीछे खाली जगह को दूध में मिलावट का अड्डा बना रखा था। यहां दूध से भरे टैंकर की सील को स्पेशल चाबी से खोलकर असली दूध निकालते थे। फिर उसमें केमिकल से बना ‘मिलावटी दूध’ मिला देते थे।
यही नकली दूध पहले डेयरी और फिर आपके घरों तक पहुंच जाता था। डरावनी बात ये है कि ये केमिकल आंतों में सूजन, लिवर इंफेक्शन, हार्ट डिजीज, मिसकैरेज और यहां तक की कैंसर की वजह बन सकते हैं। 29 जून को दैनिक भास्कर डिजिटल में खबर लगी थी। (पढ़ें पूरी खबर)

हाईवे पर श्रीनगर गांव के पास बने होटल श्याम संगम। ये गैंग ने मिलावट का अड्डा बना रखा था।
सबूत के तौर पर दिए भास्कर का वीडियो दिया
श्रीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह ने बताया- मेहसाणा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अवशीतन केंद्र प्रभारी सुजय कुमार ने मुकदमा दर्ज करवाया गया है। उन्होंने रिपोर्ट में दैनिक भास्कर डिजिटल की खबर का हवाला दिया है।
खबर में दिखाए गए वीडियो को भी पेन ड्राइव में देखकर पुलिस को दिए गए हैं। केंद्र प्रभारी की शिकायत पर होटल मालिक सहित चार जनों के खिलाफ दूध की चोरी, मिलावट, धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया है।

टैंकर आने के बाद एक शख्स निगरानी रखता है। अब मेहसाणा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के केंद्र प्रभारी ने होटल मालिक सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
केंद्र प्रभारी बोले- होटल मालिकों ने धोखाधड़ी की
केंद्र प्रभारी ने शिकायत देकर बताया- प्री-प्लान तरीके से विश्वासघात और धोखाधड़ी की गई। मेहसाणा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से लवेरा गांव भीलवाड़ा-किशनगढ़ हाईवे स्थित अवशीतन केंद्र से दूध एकत्रित कर उसे ठंडा करके अनुबंधित दूध टैंकरों के माध्यम से हरियाणा स्थित प्रोसेसिंग प्लांट भेजा जाता है। भास्कर ऐप खबर और वीडियो देखने के बाद पता चला कि हमारे अनुबंध दो टैंकर से होटल श्याम संगम श्रीनगर के पीछे सील तोड़कर दूध चोरी की जाती है।
प्राथमिक जांच में सामने आए दूध टैंकर का चालक राम लक्ष्मण गुर्जर, घटना स्थल पर मौजूद पिकअप चालक धर्मराज गुर्जर, एक अन्य छोटा दूध टैंकर भी इसमें शामिल रहा। जिसका मालिक और चालक वर्तमान में अज्ञात है।
केंद्र प्रभारी ने बताया- इससे न केवल हमारी संस्था की छवि को हानि पहुंची है बल्कि उपभोक्ता हितों पर भी विपरीत प्रभाव पड़ा है। शिकायत में टैंकर चालक राम लक्ष्मण गुर्जर, पिकअप चालक धर्मराज गुर्जर, छोटा दूध टैंकर के आजाद मालिक और चालक सहित होटल श्याम संगम के मालिक की ओर से दूध चोरी, टैंकर की सील तोड़ना, आपराधिक षडयंत्र, धोखाधड़ी और विश्वास घात किया गया है।
श्रीनगर थाना पुलिस ने होटल मालिक सहित चार जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच ASI हनुमान लाल को दी गई है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments