NCRB की रिपोर्ट आ गई। रेप के मामलों में राजस्थान यूपी-बिहार से आगे। रावण भी शर्म से पानी-पानी हो गया। करौली में सरपंच सड़क से तेंदुआ ही चुराकर ले गया। चित्तौड़गढ़ में सपना चौधरी ने दिया ‘डोम तोड़’ परफॉर्मेंस। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के एपिसोड में…
1. सड़क से लेपर्ड चुरा ले गया सरपंच
पंचायतों के चुनाव कभी भी हो सकते हैं। सरपंच अभी से अपनी ताकत जुटाने में लग गए हैं। करौली में एक सरपंच ने हाईवे पर घूमता लेपर्ड चुरा लिया। लेपर्ड पालकर कातिया बनना था क्या?
महोदय ने सोचा होगा कि लेपर्ड बच्चा है। अरब के शेखों की तरह पालकर भभका मारेंगे। लेकिन सपने चकनाचूर हो गए। हाईवे पर पीछे आ रहे कार वाले का बेड़ा गर्क। उसने वीडियो बना लिया।
सरपंच साहब की बोलेरो कार का पीछा किया। फिर पुलिस को इत्तला दे दी। पुलिस ने तीन ही घंटे में सरपंच और उसके साथी को नाकाबंदी में धर दबोचा।
वन विभाग की टीम पहुंच गई। बेचारे 6 महीने के लेपर्ड की जान सांसत में है। जंगल ही भला। बाहर निकलते ही इंसान झपट पड़ते हैं। पुलिस ने बचा लिया वरना लेपर्डजी किसी फॉर्म हाउस में कुत्ता बनकर घूम रहे होते।

करौली में नेशनल हाईवे-23 पर घूम रहे लेपर्ड के शावक को बोलेरो सवार श्यामपुरा सरपंच समय सिंह और उसके साथियों ने चुरा लिया।
2. NCRB की रिपोर्ट और रावण की जल समाधि
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो की रिपोर्ट आ गई। रेप के मामलों में हमारा यूपी और बिहार से आगे निकल गया है। क्लीन चिट वाले बाड़मेर के नेताजी पहले ही कह चुके हैं कि नार्को टेस्ट करा लो। दूध का धुला कोई नहीं मिलेगा।
अब कन्या पूजने वाले दिन अखबार में मोटे-मोटे अक्षरों में यह रिपोर्ट छपी। रावण ने भी छल-कपट से अपहरण किया था। लेकिन कलयुग में तो पाप की इंतेहा हो गई।
गली-गली में तैयार हुए रावण के पुतले को अफसोस हुआ। असली रावण समाज में फैले पड़े हैं। कन्याओं को गलत नजर से देखने-छूने और घिनौना पाप करने वालों के बीच नहीं जलना।
इंद्र का आह्वान हुआ। काले बादल खूब घुमड़े। बिजलियां कड़कीं। मूसलाधार बारिश हुई। सड़कों के किनारे खड़े सैकड़ों रावण के पुतले पानी की धार के साथ बहने लगे। शर्मिंदा रावण ने अग्नि स्नान से पहले ही जल समाधि ले ली।

जयपुर में मूसलाधार बारिश में रावण के पुतले पानी में बह गए। अधिकतर पुतले पूरी तरह खराब हो गए।
3. सपना चौधरी का डोम तोड़ परफॉर्मेंस
सपनाजी के डांस की TRP टॉप पर है। चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा में दशहरे मेले का उत्सव चल रहा था। नगर परिषद ने आठवें दिन डांसर सपना चौधरी को बुलाया।
सपना जी की झलक पाने के लिए युवाओं में ऊपर पहुंचने की होड़ मच गई। उच्च स्थान की तलाश में डोम के खंभों पर चढ़ गए। एक भाई ने तो डोम की छत पर झंडा गाड़ दिया।
नगर परिषद को मजबूत परफॉर्मर बुलाने के साथ-साथ मजबूत बल्लियों का भी इंतजाम करना चाहिए था। आखिर एक तरफ से डोम धराशायी हो गया।
अब सपना जी डिमांड में रहेंगी। नेताजी को भी भीड़ से प्यार होता है। हो सकता है निकाय चुनाव के प्रचार में एकाध डोम गिराने फिर से सपना चौधरी जी को बुलाया जाए।

चित्तौड़गढ़ के निंबाहेडा में नगर परिषद ने दशहरा मेले में सपना चौधरी के डांस का प्रोग्राम रखा। लोग डोम के खंभों पर चढ़ गए। छत तक पहुंच गए। डोम का एक हिस्सा टूट गया।
4. GSS लोकार्पण में चर्चा शिलान्यास पट्टी की
बिजली विभाग भी कभी-कभी अजब कारनामे कर जाता है। नागौर के खींवसर में नया GSS बना। इसकी शिलान्यास पट्टी पर चीफ गेस्ट के तौर पर नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल का नाम लिखा था।
पट्टी उनके नाम की, जिन्होंने बिजली का बिल ही जमा नहीं कराया था। कनेक्शन काट दिया गया था। कोर्ट ने बिजली बिल जमा करने को कहा था।
फीता काटने की रस्म हुई तो सांसद महोदय दिखाई नहीं दिए। विधायक रेवंतराम डांगा ने फीते पर कैंची चलाई।
विधायक महोदय ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इसी कार्यक्रम की 21 तस्वीरें शेयर की। लेकिन शिलान्यास पट्टी की तस्वीर गायब थी।

नागौर के खींवसर में पाबूसर के नए जीएसएस के लोकार्पण में शिलान्यास पट्टी पर सांसद हनुमान बेनीवाल का नाम चीफ गेस्ट के तौर पर था।
5. चलते-चलते..
रियासतकाल में युद्ध के समय सेनाओं के साथ कवि चलते थे। वे योद्धाओं का जोश बढ़ाते थे। उनका गुणगान करते थे। दुंदुभि बजाते थे। माहौल बनता था।
अब कुछ क्रिएटर्स इंस्टाग्राम पर एक्टिव हैं। ये लोग बदमाशों के गीत गा रहे हैं। उनका हौसला बढ़ा रहे हैं। किसी ने बजरी माफिया की महिमा का बखान किया तो किसी ने ताजा गैंगस्टर का।
भीलवाड़ा में ऐसे क्रिएटर्स कुछ ज्यादा ही तेजी से बढ़ने लगे। जिले की पुलिस को भनक पड़ी। इसके बाद एक-एक कर इन क्रिएटर्स को पकड़ा गया। इन्हें पुलिसिया भाषा में समझाया गया।
अब क्रिएटिविटी को साइड में रखकर कलाकार माफी मांग रहे हैं। कहते हैं- अब आगे से बदमाशी को प्रमोट करने वाले गाने नहीं बनाएंगे। हमका माफी दे दो।

भीलवाड़ा में कुछ क्रिएटर्स संगीत के जरिए बदमाशों का हौसला बढ़ा रहे थे। उनकी शान में गाने बना रहे थे। पुलिस ने चिह्नित किया तो माफी मांगी।
वीडियो देखने के लिए ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी…
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments