आज बात खरी है में पढ़िए राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ट्रैक्टर लेकर पहुंचे तो क्या हुआ? किसानों का दर्द बयान करने आए थे, लेकिन फोटो में हंसते हुए पकड़े गए। हो-हल्ले के बीच एक बार फिर सदन स्थगित हुआ। राजस्थान की राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की खरी-खरी सुनिए…
1. विधायक की बेटी का सर्टिफिकेट चेक होगा
विधायक जी को कौन नहीं जानता। 20 साल से ब्यावर में भगवा ध्वज लहराए हुए हैं। विरोधियों को इनकी काट नहीं मिलती। हनुमानजी की पदयात्राएं निकालते हैं। जनता के लिए धरने परे बैठ जाते हैं। तिरंगा कंधे पर रखकर खूब क्रांतिकारी नारे लगाते हैं। यूं ही जनता सिर-आंखों पर नहीं बैठाती, लेकिन अब घिर गए।
विधायक जी की बिटिया नायब तहसीलदार बन गई। खूब मिठाइयां बंटी। फिर एक ई-मेल घूमते हुए सरकार तक पहुंच गया। आरोप लगाया गया कि दिव्यांगता का जाली सर्टिफिकेट बनवाकर बिटिया रानी ने पोस्ट हासिल की है। फिर क्या? विशेष योग्यजन निदेशालय ने जांच कराने का लेटर जारी कर दिया। अब विरोधी ताक रहे हैं, देखते हैं कि जांच में क्या निकलता है?

ब्यावर से विधायक शंकर सिंह रावत की बेटी कंचन के दिव्यांगता सर्टिफिकेट की जांच होगी।
2. किसान का दर्द और नेताजी की मुस्कान
विधानसभा का सत्र चल रहा है। नेतागण ने क्रिएटिविटी की टांग तोड़ रखी है। ऐसी ही कलाकारी नेता प्रतिपक्ष ने दिखाई। बारिश से बर्बाद हुए किसानों का दर्द दिखाने ट्रैक्टर चलाते हुए विधानसभा पहुंच गए। ट्रैक्टर पर दूसरे माननीय भी हाथों में उजड़ी फसलें लेकर नारेबाजी कर रहे थे।
पुलिस ने ट्रैक्टर रोक लिया। एक खबरची ने माइक आगे बढ़ाते हुए कहा- ‘आपके विरोधी इसे राजनीतिक स्टंट कह रहे हैं।’ नेताजी के भीतर का डायलॉग राइटर जागा। फिल्मी अंदाज में बोले- ‘अगर किसान की आवाज उठाना स्टंट है तो हां…हम स्टंट कर रहे हैं।’ संवाद अदायगी का जलवा रहा, लेकिन फोटो क्लिक हुई तो हंसते हुए पकड़े गए। ये कैसा दर्द है जो चेहरे पर आते ही मुस्कान में बदल जाता है?

विधानसभा में किसानों का दर्द बयान करने नेता प्रतिपक्ष ट्रैक्टर लेकर पहुंचे। हाथ में तुरई और बाजरे की फसल थामे नेतागण मुस्कुराने लगे।
3. जनसुनवाई खूब हुई, अब जनप्रतिनिधि की सुन लीजिए एसपी साहब
बदली होकर जब SP साहब बीकानेर आए तो मीडिया में खूब जलवा बिखेरा। कहते थे कि जन सुनवाई हमारी प्राथमिकता होगी। अपराध के घोड़े पर लगाम कस देंगे। अपराध होने पर हवा की रफ्तार से पहुंचकर अपराधी की गिरेबान पकड़ लेंगे। ये कर देंगे। वो कर देंगे। अब गुंडा तत्व एक्टिव हैं और पुलिस का अता-पता नहीं। बीकानेर में 3 दिन में दो बड़ी वारदातें हो गईं।
कांग्रेस के एक पूर्व पार्षद कूट दिए गए। फिर विधायक जी के कार्यकर्ता के परिवार की घर में घुसकर कुटाई कर दी गई। विधायक महोदय ने खुद कहा- मेरे पास फोन आया था। मैंने कहा कि शाम को सेटलमेंट करा दूंगा, लेकिन इससे पहले ही भूमाफियाओं ने लाठियां बजा दी। लगता है बीकानेर में पुलिस के हाथ बंधे हुए हैं और अपराधियों को फ्री हैंड मिला हुआ है।

बीकानेर में कांग्रेस-बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं। विधायक जेठानंद व्यास ने शिकायत सामने रखी।
4. चलते-चलते…
आज शिक्षक दिवस है। जीवन के सुनहरे दिन तो वही होते हैं, जो स्कूल में बीते। फिर तो संघर्ष के दिन शुरू हो जाते हैं। बाड़मेर के कवास गांव में पिछले दिनों अनोखी पाठशाला लगी। स्कूल में 10वीं क्लास में पढ़े 22 स्टूडेंट 50 साल बाद मिले।
90 साल के मास्टर साब ने कुर्सी संभाली। सामने फर्श पर 65 साल के स्टूडेंट। कोई पूर्व डीजीपी तो कोई सेना में कैप्टन रहा। सभी यार खूब मिले। पुराने दिन याद किए। अनुभव सुनाए। बस नेकर-शर्ट और उम्र को छोड़कर सब कुछ पहले जैसा हो गया। सबक यही- गुरु गोविंद दोऊ खड़े, का के लागूं पांय, बलिहारी गुरु आपने गोविंद दियो मिलाय। जय जय राजस्थान।

बाड़मेर के कवास गांव के सरकारी स्कूल में पूर्व छात्र 50 साल बाद एक साथ जुटे। 90 साल के मास्टर जी ने उनकी क्लास ली।
वीडियो देखने के लिए ऊपर फोटो पर क्लिक करें। कल फिर मुलाकात होगी…
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments