धौलपुर में लगातार हो रही बारिश से अस्त व्यस्त हुआ जनजीवन।
धौलपुर में लगातार हो रही बारिश से नदी, तालाब, झरना, जलाशय और दरिया लबालब भर चुके हैं। शहरों से लेकर गांवों तक बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। इस आसमानी आफत से सबसे ज्यादा किसान प्रभावित हुए हैं।
खरीफ की सभी फसलें बर्बाद हो रही हैं। खेत और खलियान पानी से भर चुके हैं। किसानों का कहना है कि बाजरा, दलहन, तिलहन, ग्वार, ज्वार और मक्का जैसी फसलें पानी में डूब गई हैं।
मवेशी पालन पर भी संकट है। चारा पानी से बर्बाद होने के कारण किसानों को मवेशी बेचने तक की नौबत आ सकती है। शहर की कॉलोनियों और गांव के मोहल्लों में पानी घुस रहा है। गलियां और मोहल्ले तालाब बन गए हैं। मकानों में सीलन की वजह से कई घर गिर रहे हैं।

बारिश के पानी से खेत और खलियान भरे।
किसानों ने बताया कि इस बार मानसून समय से पहले ही सक्रिय हो गया था। जून महीने से ही बारिश शुरू हो गई थी। जुलाई में बारिश होने के बाद किसानों ने बुवाई की थी, लेकिन बुवाई के दो दिन बाद फिर से झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे खेतों में अंकुरित हो रही फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।
किसानों का कहना है कि लगातार दूसरी बार ऐसे हालात बने हैं। परिवार चलाने के लिए उन्हें कोई दूसरा जरिया नहीं दिख रहा है। वे सरकार और प्रशासन से फसल खराबे की गिरदावरी कराकर उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments