सीकर के लोहारू बस स्टैंड पर 1.5 फीट तक पानी भर गया, सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, इनमें कोई न गिरे इसके लिए बैरिकेडिंग की गई।
राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। सोमवार को 27 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जोधपुर, झुंझुनूं और टोंक में सोमवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है।
मौसम विभाग ने राज्य में सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून के सक्रिय रहने और कई स्थानों पर भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
प्रदेश में लगातार बरसात के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। जयपुर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, सवाई माधोपुर, दौसा समेत कई जिलों में रविवार को बारिश हुई। झालावाड़, जालोर, करौली, सीकर, अलवर समेत कई जिलों में 5 इंच तक पानी बरसा।
हनुमानगढ़ में बाढ़ की आशंका के कारण हेल्थ डिपार्टमेंट और अन्य विभागों ने कर्मचारियों की छुटि्टयां कैंसिल कर दी। यहां मकान ढह गया, किले की दीवार गिर गई। सड़क पर चलता ई-रिक्शा गड्ढे में समा गया।
घग्गर नदी के आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया। वहीं, सीकर में भारी बारिश से सड़कों पर डेढ़ फीट तक पानी भर गया। सवाई माधोपुर में घर पर बिजली गिरी, जिससे टीवी में ब्लास्ट हो गया। एक बच्ची की मौत हो गई, 7 लोग झुलस गए। चित्तौड़गढ़ के रावतभाटा में बिजली गिरने से युवक की मौत हो गई।
दौसा के लालसोट में स्टंट कर रहा युवक बह गया। हालांकि कुछ देर बाद वह सुरक्षित बाहर आ गया। दौसा के सिकंदरा में बिजली गिरने से महिला और बच्ची झुलस गई।
सिरोही में बनास में नदी में नहाने उतरे 5 युवक पानी में फंस गए। चार युवकों को बचा लिया गया। जबकि एक युवक बह गया। श्रीगंगानगर में सड़कें दरिया बन गईं।

जालोर में रामदेव मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं ने उफनती खारी नदी को पार किया।

दौसा के लालसोट में पपलाज माता मेले में गया युवक स्टंट करते समय बह गया।
सितंबर में सामान्य से ज्यादा होगी बरसात मानसून का आज से अंतिम माह शुरू हो गया। मौसम विभाग ने सितंबर में भी सामान्य से ज्यादा बरसात होने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं सितंबर के पहले सप्ताह में भी मानसून के एक्टिव फेज में रहने की संभावना जताई है। खासकर पूर्वी राजस्थान के अलवर, भरतपुर, झुंझुनूं, सीकर जयपुर के एरिया में ज्यादा बरसात सितंबर में होने का अनुमान है।

सवाई माधोपुर के नगर परिषद के पास बिजली गिरी। गेट पर खड़े कर्मचारी ने भागकर जान बचाई।

हनुमानगढ़ में चलता ई-रिक्शा सड़क पर गड्ढे में समा गया। चार लोग घायल हो गए। जेसीबी से ई-रिक्शा बाहर निकाला गया।
झालावाड़ के रायपुर में 140MM पानी बरसा पिछले 24 घंटे के दौरान झालावाड़ के रायपुर में 140, गंगाधर में 115, डग में 63, झालावाड़ शहर में 48, करौली के टोडाभीम में 101 और करौली शहर में 72MM पानी बरसा। झुंझुनूं के पिलानी में 49, मलसीसर में 42, कोटा के रामगंजमंडी में 55, दीगोद में 28 और फलोदी के पास आउ में 45MM बारिश हुई।
प्रतापगढ़ के अरनोद में 40, दलोत में 56, सीकर के पाटन में 95, अलवर के थानागाजी में 85, बांसवाड़ा के शेरगढ़ में 41, बागीदौरा में 25, बारां के छीपाबड़ौद में 35, बीकानेर के लूणकरणसर में 65, खाजूवाला में 45 और बूंदी के केशवारायपाटन में 28 MM बरसात दर्ज की गई।
चूरू के सुजानगढ़ में 45, सरदारशहर में 27, दौसा के सिकराय में 55, बांदीकुई में 41, जयपुर के फुलेरा में 42, दूदू में 26, जालोर में 126, जैसलमेर के मोहनगढ़ में 63 और हनुमानगढ़ के संगरिया में 24MM बरसात दर्ज हुई। इन जिलों के अलावा धौलपुर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, डूंगरपुर, नागौर, चित्तौड़गढ़, श्रीगंगानगर समेत अन्य कुछ जिलों में भी बारिश हुई।






Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments