![]()
उत्तर पश्चिम रेलवे की टीमों ने शुक्रवार को सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाते हुए 544 बिना टिकट यात्रियों को पकड़कर उनसे 1.82 लाख रुपए का जुर्माना वसूला है। इसके साथ ही ट्रेनों में अवैध रूप से सामान बेचने वाले 6 वेंडरों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया- यह अभियान जोधपुर और जयपुर मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की संयुक्त कार्रवाई के रूप में चलाया गया। इसमें जोधपुर-मकराना, जयपुर-मकराना, जोधपुर-मेडता रोड, फुलेरा-अजमेर, फुलेरा-रींगस, रींगस-जयपुर, नागौर-नोखा-देशनोक रेल खंडों पर संचालित 24 प्रमुख रेलगाड़ियों में गहनता से जांच की गई।
पैंट्रीकारों में भी पकड़ी गईं अनियमितताएं
इस अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 22737 सिकंदराबाद-हिसार सुपरफास्ट और 22723 नांदेड-श्रीगंगानगर सुपरफास्ट की पैंट्रीकारों का भी निरीक्षण किया गया। जांच में खाद्य सामग्री बेचने वाले कर्मचारियों के चिकित्सा प्रमाण-पत्रों की जांच की गई। जिन कार्मिकों के पास उपयुक्त चिकित्सा प्रमाण-पत्र नहीं मिले, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अवैध वेंडिंग पर सख्त कार्रवाई
टिकट चेकिंग के साथ-साथ ट्रेनों में अवैध रूप से खाद्य व अन्य सामान बेचने वाले 6 अनाधिकृत वेंडरों को भी पकड़ा गया। इन सभी वेंडरों को रेलवे सुरक्षा बल को नियमानुसार कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाते हैं, ताकि बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाया जा सके।
विशेष टिकट जांच दस्ते की संयुक्त कार्रवाई
इस सघन टिकट चेकिंग अभियान में प्रधान कार्यालय और जोधपुर मंडल के विशेष टिकट जांच दस्ते ने मिलकर कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों, अनाधिकृत श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों और अनाधिकृत वेंडरों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई।
रेल प्रशासन ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें। इससे न केवल अधिकृत यात्रियों को असुविधा से बचाव होगा, बल्कि उनका सफर भी आसान होता है। रेलवे का उद्देश्य सभी बोनाफाइड यात्रियों को परेशानी मुक्त और आरामदायक यात्रा की सुविधा प्रदान करना है।
ट्रेनों में 300 टीटीई के पास मशीनें, डिजिटल पेमेंट की सुविधा
जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि अब टीटीई के पास हैंड हेल्ड टर्मिनल (एचएचटी मशीन) में क्यूआर कोड अपडेट किया गया है। इससे ट्रेनों में ऑनलाइन जुर्माना वसूली की जा सकती है। लगभग 300 टीटीई को एचएचटी मशीन उपलब्ध कराई गई है जिससे टिकट चेकिंग में पारदर्शिता आई है और काम आसान हुआ है।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments