![]()
नैनवां शहर में अंजुमन कमेटी की ओर से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया।
बूंदी जिले के नैनवां शहर में अंजुमन कमेटी की ओर से ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। जुलूस गढ़पोल जामा मस्जिद चौक से शुरू हुआ। यह नीलकंठ जी के सामने से होते हुए उनियारा चौराहा, सीनियर स्कूल और पुलिस थाने के सामने से गुजरा।
देईपोल चुंगीनाका पर नौजवान कमेटी देईपोल, रज्जाकी सोसाइटी और अलमदार कमेटी ने आतिशबाजी और पुष्प वर्षा के साथ जुलूस का स्वागत किया। यहां पुलिस उपाधीक्षक राजूलाल मीणा, थानाधिकारी कमलेश शर्मा और तहसीलदार रामराय मीणा मौजूद रहे।
रकमा संघटन जिलाध्यक्ष मोईनुद्दीन अंसारी और रज्जाकी सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने अधिकारियों का फूल-माला से स्वागत किया। जुलूस में नैनवां शहर काजी अब्दुल नईम, जामा मस्जिद इमाम शमशाद आलम और मदीना मस्जिद इमाम शहाबुद्दीन शामिल हुए। दस मदरसों के बच्चे भी कतारों में चल रहे थे।
जुलूस देईपोल दरवाजा, अम्बेडकर सर्किल, लोहड़ी चौहटी और सदर बाजार से होता हुआ चांद पीर बाबा की दरगाह पर समाप्त हुआ। रास्ते में कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने तोरण द्वार और बैनर लगाकर स्वागत किया। बच्चों को मिठाइयां बांटी गईं। जुलूस में शामिल लोग नारे लगाते हुए चल रहे थे।
बूंदी में नौजवान गौसिया सर्किल जुलूस सोसाइटी की ओर से निकले जुलूस में लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सबसे आगे मौलाना नातिया कलाम पेश कर रहे थे। उनके पीछे बग्गी पर रोजा-ए-रसूल की तस्वीर मुबारक रखी गई थी। घोड़ी पर आलिमेद्दीन इस्लामी परचम थामे चल रहे थे, जबकि ऊंटों पर सवार नौजवान समाज की रौनक बढ़ा रहे थे। वहीं बड़ी संख्या में युवा हाथों में इस्लामिक झंडे लिए ‘लब्बैक या रसूलुल्लाह, सरकार की आमद मरहबा’ के नारे बुलंद कर रहे थे। बच्चों और बुजुर्गों ने भी अपनी अकीदत का इजहार किया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments