प्रतापगढ़ में युवक ने पत्नी और बड़े भाई की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। आरोपी ने दोनों की गर्दन पर तब वार किया, जब वे सो रहे थे।
युवक ने कुल्हाड़ी से हमला कर भतीजे को भी घायल कर दिया। हत्या के बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर गांव में घूमता रहा। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
मामला धनोतर थाना क्षेत्र के बिलीखेड़ा गांव का गुरुवार सुबह करीब 5 बजे का है।

घर में सो रहे परिवार पर हमला किया एसपी बी आदित्य ने बताया- आरोपी प्रेमचंद मीणा (42) ने कुल्हाड़ी से परिवार पर हमला किया। इस हमले में उसकी पत्नी सविता (42) और बड़े भाई मूलचंद (46) की मौके पर ही मौत हो गई। मूलचंद का बेटा मनोज (15) गंभीर रूप से घायल हो गया। भतीजे के सिर में गंभीर चोट आई है। उसको प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
परिजनों ने पूछताछ में बताया कि प्रेमचंद पिछले 6 महीने से मानसिक बीमारी से जूझ रहा है। बुधवार रात उसकी तबीयत बिगड़ गई। गुरुवार सुबह 4 से 5 बजे के बीच उसने घर में सो रहे परिवार पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर गांव में घूम रहा था। ग्रामीण दिनेश मीणा ने साहस दिखाते हुए उससे कुल्हाड़ी छीन ली और अन्य ग्रामीणों की मदद से उसे काबू किया।

यह वह कुल्हाड़ी है, जिससे आरोपी ने हमला किया था।
एसपी ने बताया- आरोपी को हिरासत में ले लिया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। एफएसएल टीम घटनास्थल पर साक्ष्य जुटा रही है। कुल्हाड़ी को पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूलचंद के चार बच्चे हैं। आरोपी प्रेमचंद की तीन बेटियां और एक बेटा है। दोनों भाइयों का परिवार एक ही घर में रहता है। परिवार मजदूरी करता है।

आरोपी ने पत्नी की गर्दन को कुल्हाड़ी से काट डाला, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments