![]()
भीलवाड़ा की मांडल थाना पुलिस ने 10 हजार के इनामी तस्कर को गिरफ्तार किया है।
भीलवाड़ा जिले की मांडल थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में पिछले 4 साल से फरार एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस पर 10 हजार का इनाम भी घोषित कर रखा था।
मांडल थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि 11 फरवरी 2021 को मांडल थाने के तत्कालीन थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा हाईवे पर नाकाबंदी कर रहे थे। इस दौरान एक कार को रुकवाकर तलाशी ली तो उसमे 304 किलो 235 ग्राम अवैध डोडा—चूरा पाया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर अवैध डोडा चूरा और कार को जब्त किया।
पुलिस ने कार सवार प्रवीण पिता उदय लाल निवासी निंबाहेड़ा, मुकेश सिंह पिता अवध दान चारण निवासी चित्तौड़गढ़, रंगलाल पिता भेरुलाल निवासी छोटी सादड़ी प्रतापगढ़, विक्रम सिंह पिता स्वरूप दान निवासी मंदसौर, कालू पिता किरोड़ मीणा निवासी प्रतापगढ़ को गिरफ्तार किया। इस मामले में एक आरोपी चतर सिंह पिता नरसिंह चारण निवासी नीमच एमपी वारदात के बाद से ही पुलिस को चकमा देते हुए गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था। इसे पकड़ने के लिए पुलिस ने इस पर 10 हजार का इनाम भी घोषित किया था।
पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में एक टीम का गठन किया। इस टीम ने इसकी गिरफ्तारी के लिए चित्तौड़, नीमच, मंदसौर और रतलाम में अलग-अलग स्थान पर दबिश दी। इससे संबंधित डिटेल कलेक्ट की, उसके बाद आरोपी को डिटेन किया और पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments