झुंझुनूं जिले में रविवार शाम सड़क हादसे में नरहड़ दरगाह से लौट रहे ग्रामीणों से भरी पिकअप अचानक बेकाबू होकर पलट गई। गाड़ी में करीब 30 सवारियां थी, जिनमें से 16 गंभीर घायल हो गए।
इनमें से 2 को जयपुर रेफर किया गया है। वहीं 24 को मामूली चोट आई है। घायलों का झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार- हादसा मेंड्रला में नेशनल हाईवे के पास शाम को हुआ। पिकअप में सवार सभी साखू गांव के रहने वाले है और दरगाह से लौट रहे थे। हादसा पिकअप की तेज रफ्तार के कारण हुआ। ड्राइवर बैलेंस खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे पलट गई। गाड़ी में महिलाएं और बच्चे भी थे। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला।

झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल से घायलों को जयपुर किया रेफर।
घायलों को इमरजेंसी में पहुंचाया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया गया। बीडीके अस्पताल की इमरजेंसी में एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने पर डॉक्टरों को भी तुरंत अलर्ट किया गया।
पीएमओ डॉ. जितेन्द्र भांबू ने खुद आपातकालीन वार्ड पहुंचे और सभी डॉक्टरों को घायलों के उपचार में लगाया। अतिरिक्त स्टाफ और नर्सिंग टीम को भी बुलाया गया।
16 की हालत गंभीर
बीडीके अस्पताल के पीएमओ डॉ जितेन्द्र के अनुसार- हादसे में घायल 16 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई हैं। ज्यादातर के सिर, हाथ-पैर और रीढ़ की हड्डी में चोट आई हैं। जरूरत पड़ने पर इन्हें जयपुर भी रेफर किया जा सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि नरहड़ दरगाह पर सालभर लोग मन्नतें लेकर जाते हैं और रविवार को भी साखू गांव के लोग दरगाह से लौट रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे के पास हादसा हो गया। ग्रामीणों का कहना है कि पिकअप में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। वाहन में करीब 30 से अधिक लोग बैठे हुए थे।

घायलों से जानकारी लेते कोतवाली थाने के हेड कॉन्स्टेबल वीरेंद्र कुमार
रेस्क्यू और पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली थाने के हेड कॉन्स्टेबल वीरेंद्र कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि बीडीके अस्पताल में एक दर्जन से ज्यादा घायल भर्ती हुए हैं। इस पर वे तुरंत अस्पताल पहुंचे और हादसे की जानकारी जुटाई। पुलिस ने बताया कि हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाना रहा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बीडीके अस्पताल में अलर्ट
पीएमओ डॉ. जितेंद्र भांभू ने बताया कि 16 घायलों में से 2 की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों को ट्रॉमा वार्ड में इलाज जारी है।
हादसे में घायल होने वालों में इदरीश पुत्र अजमेर खान, दीन मोहम्मद पुत्र तस्लीम मोहम्मद, मुबारिक खान पुत्र इकबाल खान, भोलू पुत्र सावल खान, आबिद पुत्र बाबू खान, उम्मेद खान पुत्र मुस्तकिम, अल्ताफ पुत्र इकबाल, उस्मान पुत्र दीन मोहम्मद, रहमान पुत्र इकबाल, शौकत पुत्र यानू खान, इकबाल पुत्र मुंशी खा, वसीम खान पुत्र शोकिन, शोकिन पुत्र यासीन, साजिद पुत्र मारूफ, फरहान पुत्र मुनाल और समीर पुत्र शौकत अली शामिल हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments