![]()
झालावाड़ में पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन ने सरकारी आदेशों की प्रतियां जलाकर किया विरोध प्रदर्शन।
झालावाड़ में पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन ने अपनी मांगों को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकारी आदेशों की प्रतियां जलाकर आहुति दी।
संगठन ने ‘पुकार’ नामक अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत बुधवार से पूरे राजस्थान में विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बार-बार दस्तावेज सत्यापन आदेश देने पर रोक, प्रदेश नेतृत्व के खिलाफ दमनात्मक कार्यवाही बंद करने, विभागीय मंत्रालयिक कर्मचारियों का कैडर पुनर्गठन कर पदोन्नति प्रक्रिया शुरू करने और ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों का स्पष्ट कार्य विभाजन करने की मांग शामिल है।
जिलाध्यक्ष शिवम् पाटीदार ने बताया कि मंत्रालयिक कर्मचारियों के प्रति विभागीय नीतियों का पुरजोर विरोध किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संवर्ग विशेष की शह पर विभाग राज्यभर के सोलह हजार मंत्रालयिक कर्मचारियों को बदनाम कर रहा है। तीन-तीन बार दस्तावेजों के सत्यापन के बावजूद उनकी उचित मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है।
कर्मचारियों ने घोषणा की है कि वे अगले सप्ताह 6 से 12 अगस्त तक ‘पुकार सप्ताह’ के रूप में मनाएंगे। इस दौरान वे अपने राजकीय दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे। इस संबंध में जिला कलेक्टर, ब्लॉक विकास अधिकारी और उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर सूचित किया गया है।
कार्यक्रम में राधेश्याम सालोदिया, मयंक श्रृंगी, रामावतार भील, मोहन गांधी, ब्रजेश सारस्वत, अजय चतुर्वेदी, ईश्वर राठौर और तेजेंद्र बहरा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments