![]()
अब अंतिम दिनों में भी दर्द से मिलेगी मुक्ति
गंभीर और असाध्य बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। राष्ट्रीय पैलिएटिव केयर कार्यक्रम के तहत अब उन्हें घर पर ही ‘होम बेडसाइड केयर’ सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य मरीजों को उनके अंतिम दिनों में दर्द और परेशानी से राहत प्रदान करना है, खासकर उन मरीजों को जिनके लिए अस्पताल आना संभव नहीं होता। स्वास्थ्य विभाग इस सुविधा के लिए मरीजों की जानकारी जुटाने और उनका पंजीकरण करने में सक्रिय रूप से लगा हुआ है।
पैलिएटिव केयर वेन पहुंचेगी घट
CMHO डाक्टर छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि यह मोबाइल यूनिट चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित होगी। राष्ट्रीय पैलिएटिव केयर कार्यक्रम के तहत संचालित होगी। इसका मुख्य कार्य असाध्य बीमारियों से पीड़ित रोगियों को उनके घर पर ही सहानुभूतिपूर्ण, संपूर्ण और दर्द निवारक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
इस कार्यक्रम के तहत, हर 15 दिन बाद पैलिएटिव केयर वाहिनी की टीमें मरीजों के घर पहुंचेंगी और उनकी देखभाल करेंगी। इन टीमों में प्रशिक्षित डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और स्वास्थ्यकर्मी शामिल होंगे, जो मरीजों को व्यापक सहायता प्रदान करेंगे।
शारीरिक और मानसिक तैयारी पर जोर
सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि इस देखभाल के लिए मरीजों और उनके परिजनों को शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार किया जाएगा। टीम के डॉक्टर और नर्स प्रतिदिन रोगी की देखभाल के लिए परिवार के सदस्यों को भी प्रशिक्षित करेंगे, ताकि वे मरीज की ज़रूरतों को बेहतर ढंग से समझ सकें और उनकी सहायता कर सकें।
इन बीमारियों से पीड़ित मरीज होंगे लाभार्थी
यह सुविधा मुख्य रूप से कैंसर, हार्ट, ब्रेन स्ट्रोक, गुर्दे की बीमारी और श्वास की बीमारी से पीड़ित मरीजों को प्राथमिकता से दी जाएगी। विभाग योग्य मरीजों का पंजीकरण करेगा, और विशेष रूप से गरीब और असहाय मरीजों को यह सेवा निःशुल्क प्रदान की जाएगी। इस योजना के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण देखभाल उनके घर पर ही मिल सकेगी, जिससे उन्हें और उनके परिवारों को न केवल शारीरिक राहत मिलेगी, बल्कि मानसिक रूप से भी संबल प्राप्त होगा। यह पहल निश्चित रूप से उन परिवारों के लिए एक वरदान साबित होगी जो अपने प्रियजनों को उनके अंतिम समय में बेहतर देखभाल देना चाहते हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments