![]()
सिटी रेलवे स्टेशन से राणाप्रताप नगर स्टेशन के बीच रोड़ अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण की राह आसान हो गई है। मुख्यमंत्री बजट घोषणा में शामिल इस काम के लिए यूडीए ने रेलवे को 4.33 करोड़ रुपए हस्तांतरित कर दिए हैं। अब जल्द ही अंडर ब्रिज का काम शुरू होगा।
आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि लगभग 50 साल पहले रेलवे की ओर से यहां मीटर गेज रेल लाइन बिछाई गई थी। तबसे नोखा गांव दो टुकड़ों (उत्तर-दक्षिण) में बंट गया। क्षेत्रवासियों को खेतों तक जाने के लिए रेलवे लाइन के ऊपर होकर जाना पड़ रहा है। श्मशान उत्तर दिशा में स्थित होने से लाइन के दक्षिण की तरफ क्षेत्रवासियों को रेलवे लाइन क्रॉस कर जाना पड़ता है। इससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। हिम्मत नगर से उदयपुर सिटी स्टेशन तक अमान परिवर्तन के बाद यह और बढ़ गई है।
खेत-श्मशान में जाने के लिए ट्रैक क्रॉस करना मजबूरी
आमजन की इस समस्या को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मांग पर सीएम भजनलाल शर्मा ने बजट में आरयूबी निर्माण की घोषणा की। इसके बाद यूडीए और रेलवे के तकनीकी अधिकारियों ने मौके का दौरा किया। इसके बाद जरूरत के अनुसार तकनीकी प्रस्ताव तैयार किया गया।
यूडीए की ओर से नियुक्त कंसल्टेंट ने विस्तृत इंजीनियरिंग सर्वे एवं जीएडी तैयार कर रेलवे को भेजा। काम की प्री-कास्ट बॉक्ससेल 6 गुणा 3 के निर्माण के लिए रेलवे ने 4 करोड़ 33 लाख 23 हजार रुपए का प्रस्ताव बनाकर यूडीए को भेजा। प्राधिकरण की कार्यकारी समिति की बैठक में कार्य की प्रशासनिक एवं वित्तीय राशि जारी की गई।
आयुक्त जैन ने बताया कि यूडीए की ओर से सोमवार को स्वीकृति अनुसार राशि रेलवे को हस्तांतरित कर दी गई है। काम की क्रियान्विति रेलवे विभाग की ओर से ही की जानी है। रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण से 50 साल से उत्तर-दक्षिण दिशा में बटे हुए क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इस निर्माण से दुर्घटनाओं की आशंका भी शून्य होगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments