![]()
सहकार भारती की ओर से जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में 10 और 11 सितंबर को शहरी सहकारी बैंकों (UCBs) पर केंद्रित राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन में देशभर से 500 शहरी सहकारी बैंकों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया ने बताया – राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और सहकार मंत्री गौतम दक इस राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। वहीं 11 सितंबर को होने वाले समापन सत्र में राज्यपाल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। सहकार भारती का मानना है कि यह सम्मेलन शहरी सहकारी बैंकों के इतिहास में एक अहम मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने बताया – सहकार भारती देश की एकमात्र राष्ट्रीय संस्था है जो सहकारी संस्थाओं को एक मंच पर जोड़ती है। इसी कड़ी में संस्था अब शहरी सहकारी बैंकों (UCBs) पर केंद्रित राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने जा रही है।
चुनौतियों पर मंथन करेंगे विशेषज्ञ
राजस्थान अर्बन को-ऑपरेटिव सोसाइटी के चेयरमैन के के टाक ने बताया – वर्तमान समय में शहरी सहकारी बैंक कई चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। इनमें लगातार घटती संख्या, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की सख्त नियंत्रण नीतियां, साइबर सुरक्षा और डिजिटलीकरण से जुड़े खतरे, मानव संसाधन की कमी, नवाचार और तकनीक का उपयोग तथा गवर्नेंस लेवल में सुधार जैसे मुद्दे शामिल हैं। सम्मेलन में इन सभी विषयों पर क्षेत्र के विशेषज्ञ विस्तार से चर्चा करेंगे और समाधान की राह सुझाएंगे। सहकारिता: समाज को जोड़ने का माध्यम
के के टाक ने बताया – संस्था का विजन समर्पित और निस्वार्थ भाव से काम करने वाले कोऑपरेटर्स और कोऑपरेटिव्स की मजबूत चेन खड़ी करना है। सहकारिता आंदोलन छोटे किसानों, भूमिहीन मजदूरों, आदिवासी समुदाय, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों (SHGs), संयुक्त देयता समूहों (JLGs), ग्रामीण कारीगरों, तकनीशियनों और बेरोजगार युवाओं को सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है।
राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया ने बताया – सहकार भारती फिलहाल देश के 28 राज्यों और 650 से अधिक जिलों में सक्रिय है। संस्था ने पिछले दो सालों से सहकारिता के अलग-अलग क्षेत्रों में राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित करने की परंपरा शुरू की है, जिन्हें ‘सेल’ नाम दिया गया है। अब तक साइबर सिक्योरिटी (पुणे), मत्स्य सहकारी सम्मेलन (नवी मुंबई), क्रेडिट को-ऑप्स सम्मेलन (दिल्ली), महिला निदेशक सम्मेलन (हैदराबाद), हाउसिंग सोसाइटी सम्मेलन (मुंबई), PACS सम्मेलन (हुबली), FPOs सम्मेलन (पटना), उपभोक्ता सहकारी स्टोर सम्मेलन (राजस्थान), मिल्क को-ऑप्स सम्मेलन (आनंद) और बुनकर सहकारी सम्मेलन (रायपुर) आयोजित किए जा चुके हैं।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments