![]()
झालावाड़-बारां के सांसद दुष्यंत सिंह ने शनिवार को मिनी सचिवालय में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की।
झालावाड़-बारां के सांसद दुष्यंत सिंह ने शनिवार को मिनी सचिवालय में जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को पानी, बिजली और सड़क सेवाओं में सुधार के निर्देश दिए।
सांसद ने पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता को चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों और पुलियाओं की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा। जेवीवीएनएल के अधिकारियों को बिजली कटौती कम करने के निर्देश दिए गए। टूटे तार, ढीले तार और विद्युत पोल की मरम्मत तुरंत करने को कहा गया।
पीएचईडी के अधीक्षण अभियंता को शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पाइप लाइन टूटने पर बिना देरी मरम्मत करने को कहा गया। नगरीय निकायों के अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि गंदगी के ढेर न लगने दें। नालों की नियमित सफाई करें ताकि जल निकासी सुचारू रहे।
उन्होंने पशुपालकों द्वारा शहर की सड़कों पर गोवंश को छोड़ने पर उन गोवंशों की टैगिंग कर उन्हें गोशालाओं में पहुंचाने के निर्देश दिए, ताकि सड़कों पर बेसहारा गोवंश के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। साथ ही सांसद ने सभी निकाय अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में मीट व मछली की दुकानों को चिह्नित कर वहीं मार्केट लगवाने के निर्देश दिए ताकि आमजन को परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त उन्होंने शहरी क्षेत्र में हो रहे अतिक्रमणों को तुरन्त प्रभाव से अभियान चलाकर हटवाने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान आरयूआईडीपी की ओर से झालावाड़ व झालरापाटन में किए जा रहे सीवरेज कार्य की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि शहर में स्वच्छता के लिए सीवरेज सिस्टम का बेहतर क्रियान्वयन बहुत अहम भूमिका रखता है। उन्होंने सीवरेज के शेष कनेक्शन शीघ्र पूर्ण कर सीवरेज कार्य को संबंधित स्थानीय निकायों को हैण्ड ओवर करने के निर्देश आरयूआईडीपी के पीडी को दिए।
परिषद के अधिशासी अभियंता ने बताया कि कचरा संग्रहण स्थल पर एकत्रित कचरे के डिस्पोजल के लिए टेंडर कर लिए गए हैं। कुछ ही दिनों में कार्य प्रारंभ कर इस समस्या से निजात मिल जाएगी। इस दौरान जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने सभी अधिकारियों से कहा कि झालावाड़ में बजट घोषणा सहित अन्य स्वीकृत हुए कार्यों के क्रियान्वयन में कोई भी समस्या आती है तो संबंधित अधिकारी जिला प्रशासन को अवगत कराएं ताकि उसका समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक सेवाओं से संबंधित विभाग के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने क्षेत्र की जनता एवं जनप्रतिनिधियों के फोन अवश्य उठाएं और उन्हें समस्याओं के समाधान हेतु आश्वस्त करें। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र से संबंधित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
बैठक मनोहरथाना विधायक गोविंद रानीपुरिया, डग विधायक कालूराम मेघवाल, पूर्व विधायक नरेन्द्र नागर, आरपीएससी के पूर्व चेयरमेन श्याम सुन्दर शर्मा, जिला प्रभारी छगन माहुर, जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय जैन ताऊ, नगर परिषद झालावाड़ के सभापति प्रदीप सिंह राजावत, नगर पालिका झालरापाटन की अध्यक्ष वर्षा चांदवाड़, अतिरिक्त जिला कलक्टर अभिषेक चारण, नगर परिषद आयुक्त नरेन्द्र मीणा सहित अन्य नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारी व जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments