![]()
खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मसूदा तहसील के कुण्डिया गांव में एक अवैध खनन स्थल पर छापा मारा।
ब्यावर में अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला कलेक्टर कमल राम मीना के निर्देश पर खनिज और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने रविवार को मसूदा तहसील के कुण्डिया गांव में एक अवैध खनन स्थल पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान चारागाह भूमि खसरा संख्या 3006/15 में फैल्सपार खनिज का अवैध खनन होता पाया गया। यह स्थल खातेदारी भूमि खसरा संख्या 16 से सटा हुआ था। जांच में खुलासा हुआ कि यह अवैध खनन कार्य चांदा का बाड़िया, मसूदा निवासी महेंद्र सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह और खसरा संख्या 16 के खातेदारों द्वारा मिलकर किया जा रहा था।
टीम ने मौके पर खनन स्थल का निरीक्षण किया और नाप-जोख की। इसमें लगभग 20 मीटर लंबी, 7 मीटर चौड़ी और 2 मीटर गहरी खुदाई पाई गई। इस आकलन के आधार पर, लगभग 582.4 टन फैल्सपार खनिज का अवैध रूप से उत्खनन किया गया था।
प्रारंभिक जांच से यह भी स्पष्ट हुआ कि खातेदारों और खननकर्ता के बीच आपसी सहमति से अवैध खनन किया जा रहा था। प्रशासन ने इस पर 7.18 लाख रुपए की पेनल्टी लगाई है। इसके अतिरिक्त, संबंधित खननकर्ता और खातेदारों के खिलाफ थाना सदर में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और उनके खातेदारी अधिकार निरस्त करने की कार्रवाई भी प्रस्तावित है।
जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने इस संबंध में कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments