राजस्थान में एक बार फिर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 17 सितंबर को 9 जिलों बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर और बांसवाड़ा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
वहीं, दूसरी तरफ राजस्थान में मानसून सीजन की विदाई शुरू होने वाली है। विशेषज्ञों का कहना है- राज्य में मानसून की विदाई 16 सितंबर या उसके बाद से शुरू होगी। जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर में वर्तमान परिस्थितियां इसके अनुकूल भी हैं।
पश्चिमी राजस्थान के जिलों में इसलिए हो रही मानसून की विदाई
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून की विदाई के लिए लिए पश्चिमी राजस्थान के जिलों जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर में परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ने और पूर्वी हवाएं कमजोर होने से राजस्थान के पश्चिमी जिलों में लगातार मौसम शुष्क हो रहा है। वातावरण से नमी का लेवल कम हो रहा है।
तापमान में 1 से 1.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई
पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के सभी शहरों में मौसम शुष्क रहा और दिनभर धूप रही। गंगानगर, चूरू, जैसलमेर, कोटा, सीकर, जयपुर, टोंक, अजमेर समेत कई शहरों में शनिवार दिन के तापमान में 1 से 1.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज हुई।
शनिवार दिन में सबसे अधिक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस गंगानगर में दर्ज हुआ। चूरू में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर में 35.7, फलोदी में 35.6, जैसलमेर में 35.8, जोधपुर में 33.6, बाड़मेर में 35.3, पिलानी में 35.8, सीकर में 34.5, कोटा में 33.9, चित्तौड़गढ़ में 34.9, उदयपुर में 32.6, अलवर में 36, टोंक में 34.6, भीलवाड़ा में 33.4, हनुमानगढ़ में 35.6, अजमेर, जालोर में 33.6, झुंझुनूं में 34.8 और दौसा में अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
दिन में नमी का लेवल 50 से नीचे आया
राज्य में पूर्वी हवाओं के कमजोर होने और पश्चिमी हवाएं प्रभावी होने से कई शहरों में अब दिन में मोइश्चर लेवल भी 50 से नीचे आ गया। शनिवार को सीकर, बाड़मेर, फलोदी, चूरू, दौसा, पाली, गंगानगर, जयपुर में मोइश्चर का लेवल 50 या उससे कम दर्ज हुआ। विशेषज्ञों का कहना है कि राज्य में मोइश्चर लेवल कम होने और मौसम के शुष्क होने का संकेत है कि मानसून अब वापस लौटना शुरू हो रहा है।

अब आगे क्या?
मौसम केन्द्र जयपुर ने 16 सितंबर तक राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान पूर्वी राजस्थान के जिलों में स्थानीय स्तर पर बादल बनने और छुटपुट बारिश हो सकती है। 17 सितंबर को एक वेदर सिस्टम राजस्थान में सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।


Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments