![]()
राज्य सरकार के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम रविवार को प्रतापगढ़ जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने गांधी चौराहे पर आयोजित सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा अनावरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री बेढम ने कहा कि समाज के विकास में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रत्येक वर्ग के सर्वांगीण विकास, उत्थान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
बेढम ने सम्राट मिहिर भोज को एक वीर योद्धा बताया, जिनके आदर्श आज भी एकता, परिश्रम और स्वाभिमान की प्रेरणा देते हैं। ग्रामीणों, किसानों और पशुपालकों के कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बेढम ने बताया कि गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत पशुपालकों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, मोबाइल वेटनरी यूनिट के माध्यम से पशुओं का निशुल्क उपचार एवं परामर्श प्रदान किया जा रहा है।
गृह राज्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याण के प्रत्येक क्षेत्र में संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने आमजन से पात्रतानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर विकास की मुख्यधारा में सम्मिलित होने का आह्वान किया।
इस अवसर पर देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने भी राज्य सरकार द्वारा आमजन के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments