चित्तौड़गढ़ में मंगलवार रात को शहर में हल्की बरसात हुई। शहर में करीब 3 एमएम और भोपाल सागर में 11 एमएम बारिश हुई। इसके बावजूद तापमान में कोई खास राहत नहीं मिली है। वहीं, बुधवार अल सुबह से हल्के बादल छाए रहे, लेकिन सूरज निकलते ही मौसम साफ हो गया। मौसम
अधिकतम और न्यूनतम तापमान में हुई बढ़ोतरी
पिछले कुछ दिनों से चित्तौड़गढ़ का मौसम बदलता नजर आ रहा है। मंगलवार को हुई हल्की बरसात से लोगों को लगा था कि गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं सोमवार को यह तापमान क्रमशः 35.3 और 24.1 डिग्री था। यानी दिन और रात दोनों में गर्मी और उमस बनी हुई है।

सुबह धूप निकलते ही बादल भी छट गए।
शहर के अलावा जिले के भूपाल सागर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 11 एमएम बारिश दर्ज हुई। पूरे जिले की बात करें तो अब तक कुल 963.67 एमएम बारिश हो चुकी है। यह आंकड़ा जिले के औसत से 128.49 प्रतिशत ज्यादा है। यानी इस बार मानसून ने चित्तौड़गढ़ में सामान्य से ज्यादा पानी बरसाया है। खेतों और तालाबों में पानी भरने से किसानों और ग्रामीणों के चेहरे पर संतोष है, हालांकि अब मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने एक बार फिर दी चेतावनी
बुधवार सुबह भी हल्की ठंडी हवाएं और बादलों के साथ मौसम खुशनुमा था। लेकिन सूरज निकलते ही चटक धूप ने फिर से गर्मी का अहसास करा दिया। लोगों का कहना है कि दिन का तापमान लगातार बढ़ने से उमस बढ़ रही है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार को जिले के कई इलाकों में आकाशीय बिजली और मेघ गर्जन की संभावना है। ऐसे में ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों को खेतों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है। इसके अलावा हल्की बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार बुधवार के बाद चित्तौड़गढ़ और आसपास का मौसम साफ और शुष्क रहेगा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments