टोंक के मालपुरा में सरकारी हॉस्पिटल की OPD में मरीज से बहस के बाद डॉक्टर को हार्ट अटैक आ गया। हॉस्पिटल में ही डॉक्टर की मौत हो गई।
शनिवार सुबह 7.45 बजे मालपुरा अस्पताल की ओपीडी में डॉ. पारितोष संचेती (55) ड्यूटी पर थे। एक मरीज ने डॉक्टर के साथ पट्टी बदलने को लेकर बहस की थी। मरीज बार-बार जल्दी पट्टी बदलने की बात कह रहा था।
इसे लेकर डॉ. संचेती की मरीज के साथ कहासुनी हो गई थी। वहां मौजूद अन्य स्टाफ ने दोनों को शांत कराया। लेकिन कुछ ही देर बाद डॉ. संचेती को सीने में दर्द उठा। स्टाफ प्राथमिक उपचार दे रहा था कि डॉक्टर ने दम तोड़ दिया।

डॉ. पारितोष संचेती की मरीज से बहस के बाद हार्ट अटैक से मौत हो गई।
मौत के बाद हॉस्पिटल स्टाफ आक्रोशित
डॉ. संचेती की हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि के बाद सुबह 9.15 बजे अस्पताल स्टाफ ने चिकित्साकर्मियों की सुरक्षा का मुद्दा उठाकर नारेबाजी कर दी। स्टाफ, नर्सिंगकर्मी, डॉक्टर हॉस्पिटल में ही धरने पर बैठ गए।
हॉस्पिटल में काम-काज ठप हो गया। धरना दे रहे स्टाफ व डॉक्टरों ने कहा- आए दिन अभद्रता, दबाव और तनावपूर्ण घटनाएं हो रही हैं। काम करना कठिन हो गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। हॉस्पिटल परिसर में स्थायी पुलिस चौकी बने।
हॉस्पिटल में मौत और हंगामे की सूचना पर मालपुरा तहसीलदार पवन मातवा और पुलिस उपाधीक्षक आशीष प्रजापत मौके पर पहुंचे।
CMHO टोंक डॉ. शैलेंद्र चौधरी भी मालपुरा पहुंचे । उन्होंने SDM मालपुरा कपिल शर्मा से फोन पर बात की और डॉक्टरों व स्टाफ की मांग से अवगत कराकर समाधान की मांग की।

मालपुरा अस्पताल में धरने पर बैठे डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ।
चौकी खोलने का प्रस्ताव भेजने का आश्वासन
SDM कपिल शर्मा ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया। पुलिस उपाधीक्षक आशीष प्रजापत ने जिला पुलिस अधीक्षक को चौकी खोलने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेजने की बात कही। दोपहर करीब 2.15 बजे डॉक्टर व स्टाफ काम पर लौटे।
5 घंटे कार्य बहिष्कार के चलते हॉस्पिटल की सभी सेवाएं ठप रहीं। मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मालपुरा थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: लोकेश कुमार पारीक, मालपुरा।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments