धौलपुर में आकाशीय बिजली गिरने से झुलसा युवक अस्पताल में भर्ती।
धौलपुर जिले में मंगलवार को मानसून की विदाई के दौरान भारी बारिश हुई। लगभग 5 घंटे तक हुई तेज और धीमी बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया। बारिश के साथ कई स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, जिनमें दो लोग झुलस गए और कुछ को करंट के झटके लगे
देर रात तक हुई बारिश के कारण शहर के मुख्य चौराहे और निचले इलाकों में जलभराव हो गया। कई दुर्गा पंडालों में भी पानी भर जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश से रबी की फसल की बुवाई कर चुके किसानों को नुकसान हुआ है। किसान विनीत कुमार शर्मा ने बताया कि मानसून की विदाई से पहले किसानों ने अपने खेतों में सरसों की बुवाई कर दी थी। इस बारिश ने उनकी बुवाई को खराब कर दिया, जिससे उन्हें काफी आर्थिक क्षति हुई है।

मंगलवार को तेज बारिश से धौलपुर के निचले इलाकों में भरा पानी।
खराब मौसम के कारण जिले में आकाशीय बिजली गिरने की भी कई घटनाएं हुईं। कासिमपुर गांव में बिजली गिरने से रामबरन और कैलाशी नामक दो युवक झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वहीं, सैंपऊ कस्बे में बिजली घर के पास कदमखंडी मार्ग पर शिशुपाल परमार के पशु बाड़े के टीन शेड में नीरज पंडित, रामवीर और शिशुपाल अपनी पत्नी के साथ बैठे थे। तेज बारिश के दौरान टीन शेड पर कड़कड़ाती बिजली गिरी, जिससे पूरा टीन शेड लाल हो गया। इस दौरान शिशुपाल, रामवीर और नीरज को करंट का झटका लगा। शिशुपाल परमार के चेहरे, आँखों की भौंहों और सिर के बाल मामूली रूप से झुलस गए, जबकि अन्य के हाथों और पैरों के बाल भी झुलसे। गनीमत रही कि किसी को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
Discover more from Kuchaman City Directory
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
Comments